रुद्रपुर के प्रीत विहार स्थित श्रीजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक व्यक्ति से केंद्र के मालिक और कर्मचारियों ने मारपीट की, जिससे उसके दोनों हाथ फ्रेक्चर हो गए।
रुद्रपुर। प्रीत विहार स्थित श्रीजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती बाजपुर निवासी व्यक्ति से केंद्र स्वामी और कर्मचारियों ने राड और लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गए और उनके दोनों हाथ की हड्डियां फ्रेक्चर हो गई।
इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र स्वामी और कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है, इसके लिए पुलिस केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, गुमसानी बाजपुर निवासी संजोत सिंह ने बताया कि उसके पिता सुरजीत सिंह नशे के आदी थे। इससे छुटकारा दिलाने के लिए उसने अपने पिता को रुद्रपुर प्रीत विहार स्थित श्रीजी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र के मालिक केशव दास और उनके कर्मचारियों ने उसके पिता सुरजीत सिंह से मारपीट की।
साथ ही उन्हें जान से मारने के लिए राड और लाठी डंडों से हमला किया। इससे उसके पिता घायल हो गए। इसका पता चलते ही वह नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे और पिता को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां उनकी दोनों हाथ की हड्डियां फ्रेक्चर मिली। साथ ही उसके पिता के सिर और मुंह में भी गहरी चोट आई थी।
संजोत सिंह ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। एसएसआइ खुशवंत सिंह ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्र के स्वामी और अज्ञात कर्मचारियों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। जांच की जा रही है। बताया कि अब तक हुई जांच में सामने आया है कि नशा मुक्ति केंद्र से भागने को लेकर उन लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसके लिए केंद्र में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।