
देहरादून पुलिस ने विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड उपेंद्र सिंह थापा को गिरफ्तार किया है। थापा ने खुद को मर्चेंट नेवी कैप्टन बताकर सेवानिवृत्त सूबेदार नरजंग कुमार और अन्य से फिनलैंड में नौकरी का झांसा दिया था। इस मामले में पांच अन्य आरोपी, जिनमें थापा के परिजन भी शामिल हैं, अभी फरार हैं। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
देहरादून। सेवानिवृत्त सूबेदार व अन्य लोगों को विदेश में नौकरी दिलवाने का झांसा देकर 1.20 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आ
रोपित की पहचान उपेंद्र सिह थापा निवासी मोहकमपुर वर्तमान निवासी हाइडिल कालोनी, हल्द्वानी के रूप में हुई है। इस मामले में पांच आरोपित अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। इनमें चार आरोपित उपेंद्र सिंह थापा के स्वजन ही हैं।
29 जुलाई 2025 को रिटायर सूबेदार नरजंग कुमार निवासी दीप निवास, नया नगर, जिला सोलन (हिमाचल प्रदेश) ने तहरीर दी कि उनके साथ सेना में सूबेदार संदीप थापा निवासी नेहरू कालोनी भी था। संदीप थापा ने उन्हें बताया कि उनका रिश्तेदार उपेंद्र सिंह थापा, जोकि मर्चेंट नेवी में कैप्टन है और वह फिनलैंड में नौकरी लगवा सकता है। इसके लिए 10 लाख रुपये देने होंगे।
इसके बाद संदीप थापा ने उनकी व असीम थापा, अश्वनी कुमार, विकास थापा की मुलाकात उपेंद्र सिंह थापा से कराई। संदीप थापा ने उन्हें बताया कि विदेश फिनलैंड नौकरी लगवाने के बदले 10-10 लाख रुपये देने होंगे। इसमें से एडवांस में पांच-पांच लाख रुपये मांगे, ताकि वीजा को प्रोसेस शुरू हो सके।
पीड़ित ने बताया कि संदीप थापा व उपेंद्र सिंह थापा की बातों पर विश्वास कर उन्होंने विभिन्न तिथियों को 1.20 करोड़ रुपये दे दिए। आरोपित उपेंद्र सिंह थापा व संदीप थापा ने उन्हें व असीम थापा, अश्वनी कुमार व विकास थापा सहित अन्य को बताया कि वर्क परमिट आने में 30 से 45 दिन का समय लगेगा। 28 जून 2024 को उपेंद्र थापा व संदीप थापा ने सभी को देहरादून बुलाया और फिनलैंड का कांट्रेक्ट लेटर बनाकर दिया।
फरवरी 2025 में उन्हें एक मेल मिली, जिससे पता चला कि उनका वीजा नहीं लगा तथा आरोपित ने उन्हें नकली दस्तावेज दिए हैं। इस मामले में नेहरू कालोनी थाना पुलिस ने 29 जुलाई को आरोपित संदीप थापा, उपेंद्र थापा, सुरेंद्र थापा, सरोज थापा,
दीप्ति थापा व रक्षा दशिला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष नेहरू कालोनी संजीत कुमार ने बताया कि शनिवार को चौकी प्रभारी जोगीवाला विजय प्रताप राही की देखरेख में टीम ने आरोपित उपेंद्र थापा को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।









