
देहरादून के मोहब्बेवाला में एक सीमेंट से भरा अनियंत्रित ट्रक कार को टक्कर मारकर बिजली के खंभे और दीवार से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक अंदर फंस गया।
देहरादून। देहरादून के मोहब्बेवाला में हादसे कम होने का नाम नहीं ले रहे। एक बार फिर अनियंत्रित ट्रक कार को टक्कर मारने के बाद साइड बिजली पोल व दीवार से टकरा गया, जिसके कारण ट्रक चालक अंदर ही फंस गया।





मोहब्बेवाला में हुए हादसे के बाद एसडीआरएफ ने दो घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक चालक को बाहर निकाला और एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा।
शनिवार प्रातः मोहबेवाला में एक कार को टक्कर मारने के बाद ट्रक दीवार पर टकरा गया, जिसमें ट्रक चालक अंदर ही फंस गया। सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ व फायर सर्विसेज की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया।
अंदर फंस गया ट्रक ड्राइवर
जानकारी के अनुसार सीमेंट से लदा ट्रक सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। मोहब्बेवाला में ढलान पर ट्रक अनियंत्रित हो गया और कार को साइड से टक्कर मारने के बाद पहले बिजली पोल से टकराया और फिर दीवार पर जाकर रुक गया।
हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा पिचक गया जिसके कारण चालक फंस गया। तत्काल क्रेन व एम्बुलेंस मौके पर बुलाई गई और आधे घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक चालक को बाहर निकाला गया। फिलहाल कोई जनहानि की सूचना नहीं है।
मोहब्बेवाला में हाल ही में हुए हादसे
16 अप्रैल: आशारोड़ी की तरफ से देहरादून आ रहा मालवाहक ट्रक मोहब्बेवाला में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेंट से भरे ट्रक व एक आटो पर टक्कर मारते हुए एमडीडीए के स्वागत बोर्ड को तोड़ते हुए सड़क किनारे पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक-परिचालक घायल हुए हैं, वहीं पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
09 मार्च: सहारनपुर की ओर से आ रहा मार्बल्स से भरा एक ट्रक सोमवार को मोहब्बेवाला के पास मुख्य हाईवे पर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद देहरादून–सहारनपुर मार्ग पर दोनों ओर का यातायात प्रभावित हो गया, जिससे आसपास के मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया।
18 फरवरी : मोहब्बेवाला चौक पर एक अनियंत्रित ट्रक कार के ऊपर पलट गया, जिससे वाहनों में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि आग लगने से पहले कार सवार और ट्रक सवार वहां से बच निकले, जिससे किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
05 दिसंबर : मोहब्बेवाला में सीमेंट के कट्टों से लदे ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद ट्रक दुकानों में घुस गया। हादसे में दो लोग घायल हो गए और लंबा जाम लग गया। इसी दौरान वहां क्षतिग्रस्त ट्रक से टैंक से डीजल लीक होने लगा, जिसके कारण अफरा-तफरी मच गई।









