रीठा साहिब जोड़ मेले के दौरान लोहाघाट में अचानक हुई भारी बारिश से लधिया और रतिया नदियां उफान पर आ गईं। नदी संगम पर फंसे 70 से अधिक सिख श्रद्धालुओं को एसडीआरएफ, पुलिस और ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाला।
लोहाघाट। रीठासाहिब जोड़ मेले के अंतिम दिन रविवार को अचानक हुई तेज बारिश से लधिया और रतिया नदी का जल स्तर एकाएक बढ़ गया। इस दौरान नदी के संगम पर स्नान कर रहे सैकड़ों श्रद्धालु पानी के उफान में फंस गए।
समय रहते एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से 70 से अधिक सिख श्रद्धालुओं को नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि कुंदन सिंह बोरा ने बताया कि मेले के अंतिम दिन हजारों श्रद्धालु लधिया-रतिया संगम पर स्नान करने पहुंचे थे। मूसलधार बारिश के कारण दोनों नदियां अचानक उफान पर आ गईं, जिससे संगम क्षेत्र में भगदड़ मच गई। नदी में फंसे सभी श्रद्धालुओं को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पार्किंग क्षेत्र और दुकानों के आसपास फंसे लोगों को भी सुरक्षित जगह पहुंचाया गया रेस्क्यू टीम ने समय रहते वाहनों को भी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कर दिया।