Big Breaking:-तोता घाटी में चालक की सूझबूझ से टला बड़ा बस हादसा, 39 यात्रियों की बची जान

देवप्रयाग के तोता घाटी में ऋषिकेश-बद्रीनाथ हाईवे पर एक जीएमओयू बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही बस में 39 यात्री सवार थे।

देवप्रयाग (टिहरी)। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया।

जीएमओयू की यह बस कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही थी। बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

चालक ने बस को सड़क किनारे बने पिलर से टकरा दिया। इससे बस में सवार सभी 39 यात्रियों की जान बच गई।

कर्णप्रयाग के सुंदर गांव निवासी बस चालक जयंती प्रसाद पुत्र भगवती प्रसाद ने बताया कि तोता घाटी की ढलान पर अचानक गाड़ी के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था।

उन्होंने बताया कि बस की रफ्तार को कम करने के लिए उन्होंने कई बार सड़क किनारे पड़ी मिट्टी और पत्थरों पर टायर चढ़ाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन ढलान तेज होने के कारण बस नहीं रुकी।

सामने मौत को देख उन्होंने साहस दिखाया और बस को सड़क किनारे बने सुरक्षा पिलरों से भिड़ा दिया।

यदि बस पिलर से न टकराती तो वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर सकती थी। उल्लेखनीय है कि तोता घाटी का यह क्षेत्र दुर्घटना के लिहाज से पूर्व में भी अति संवेदनशील रहा है।

बछेलीखाल चौकी प्रभारी दीपक लिंगवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी।

टक्कर के कारण बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश भेज दिया गया है।

बस में सवार शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें अन्य वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें