मसूरी में सिविल अस्पताल मार्ग पर एक वाहन की टक्कर से सतीश नामक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक और उसका परिचित चालक दोनों नशे में थे, और चालक ने तेज गति से वाहन चलाते हुए सतीश को टक्कर मारी।
मसूरी। रविवार रात को सिविल अस्पताल मार्ग पर सिपलिंग एस्टेट के समीप एक व्यक्ति की वाहन की टक्कर लगने से मौत हो गयी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक मसूरी कोतवाली सत्येंद्र सिंह भाटी ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात लगभग सवा दस बजे 112 के माध्यम से कोतवाली पुलिस को सूचना मिली की सतीश नामक व्यक्ति को उसके दोस्त द्वारा मार दिया गया है और वह घटनास्थल से फरार हो गया है।
उक्त सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह भाटी रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक रजनीश सैनी एवं अन्य पुलिस कर्मचारियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुँचकर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
एसएसआई सत्येंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मृतक की पहचान सतीश पुत्र जगदीश, उम्र 28 वर्ष, निवासी पिक्चर पैलेस, मसूरी, जनपद देहरादून के रूप में हुई।
प्रारंभिक जानकारी एवं जांच में प्रकाश में आया कि सतीश अपने परिचित सरजीत पुत्र बालम, निवासी आईटीएम, लण्डौर, मसूरी, जो वाहन संख्या UK07 CD 2926 महिन्द्रा पिकअप का चालक था, के साथ शराब के नशे में कहीं से आ रहे थे।
घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। रविवार सायं लगभग 07 से 08 बजे के मध्य दोनों सिविल अस्पताल, सिपलिंग स्टेट के पास पहुँचे, जहाँ उनकी किसी अन्य व्यक्ति के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई।
इसके पश्चात दोनों वाहन से उतरकर पैदल वाहन के पीछे की ओर चले गए तथा कुछ समय बाद वापस आए। इसके उपरांत वाहन चालक सरजीत वाहन लेकर आगे गया तथा कुछ समय बाद वापस आया।
वापस आते समय वाहन तेज गति में था तथा सड़क किनारे खड़े सतीश को संभवत वाहन का किनारा लग गया, जिससे सतीश गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के पश्चात आसपास मौजूद लोगों द्वारा घायल सतीश को लण्डौर कम्युनिटी हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया गया। एसएसआई भाटी ने बताया कि घटना के संबंध में पुलिस विस्तृत जांच कर रही है।
परिजनों ने किया पुलिस चौकी का घेराव
बीती रात वाहन की टक्कर से मृत के परिजनों ने शहर के सफाई कर्मचारियों के साथ कुलड़ी पुलिस चौकी का घेराव किया और जाम लगा दिया। उसके बाद पिक्चर के मॉल रोड बैरियर पर जाम लगा दिया।
पिक्चर पैलेस बैरियर पर अफरा तफरी का माहौल है। परिजन आरोपियों को गिरफ्तार करने और शख्त से शख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं। पालिकाध्यक्ष मीरा सकलानी मृतक के परिजनों और सफाई कर्मचारियों को समझाने पिक्चर पैलेस चौक पहुंचीं।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ जगदीश पंत भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को निष्पक्ष कार्यवाही का आवश्वासन दिया।



