
लक्सर क्षेत्र के महेश्वरी गांव निवासी अनिल अपनी पत्नी और रिश्तेदारों के साथ जा रहा था। तभी कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नदी में जा गिरी।
सोलानी नदी पुल पर एक कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। हादसे में कार में सवार तीन महिलाएं और दो पुरुष घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें कार से बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए रुड़की के अस्पताल भेज दिया गया।





हादसा रविवार की दोपहर करीब 12 बजे लक्सर-रुड़की हाईवे स्थित सोलानी नदी के पुल पर हुआ। लक्सर क्षेत्र के महेश्वरी गांव निवासी अनिल अपनी पत्नी सोनी और रिश्तेदार कोमल निवासी मारकपुर,
रचना निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द व श्रीकांत निवासी बिजनाखेड़ी थाना नकुड़ जनपद सहारनपुर के साथ लक्सर से इकबालपुर क्षेत्र के कुंजा गांव में रिश्तेदारी में जा रहे थे। इस दौरान वह जब हाईवे पर सोलानी नदी के पुल पर पहुंचे तभी कार अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी क्षेत्र में जा गिरी।
कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार तीनों महिलाएं और दोनों पुरुष घायल हो गए। हादसे को देख राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। राहगीरों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार में मौजूद लोगों को बाहर निकाला।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायलों को दूसरे वाहन से रुड़की के अस्पताल भेजा गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चैहान ने बताया कि घायलों को रुड़की के अस्पताल भेजा गया है। हादसे की जानकारी की जा रही है।
जहां कार गिरी वहां है रेत
सोलानी नदी पुल की रेलिंग तोड़कर कार नदी क्षेत्र में जिस जगह गिरी वहां रेत है। अन्यथा हादसा बड़ा हो सकता था। कार सवार पांचों लोगों को चोटें आई हैं। कार के नीचे गिरते ही कार में सवार महिलाओं में चीख पुकार मच गई। राहगीरों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। राहगीर घायलों को कार से निकालकर मुख्य मार्ग पर लेकर आए।









