
एजीएम कार्मिक केपी सिंह ने होली पर्व की तैयारियों का जायजा लेने रुड़की डिपो का निरीक्षण किया। चालकों को प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी। डिपो प्रभारी अमिता सैनी ने सुचारु संचालन का आश्वासन दिया।
रुड़की। होली पर्व को लेकर रोडवेज की तैयारियों को परखने एजीएम कार्मिक केपी सिंह ने रुड़की डिपो का निरीक्षण किया। चालकों की कमी के बीच संचालन प्रभावित न हो, इसके लिए अतिरिक्त चालकों और बसों के फेरों की व्यवस्था के निर्देश दिए।
शनिवार को अचानक रुड़की डिपो पहुंचे एजीएम कार्मिक केपी सिंह ने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की। होली के मौके पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उन्होंने बस संचालन, रूट प्रबंधन और उपलब्ध स्टाफ की स्थिति का जायजा लिया।
डिपो में इन दिनों चालकों का भारी अभाव बना हुआ है, जिसका सीधा असर बसों के नियमित संचालन पर पड़ रहा है। निरीक्षण के दौरान स्पष्ट हुआ कि कई रूटों पर बसें समय से नहीं चल पा रहीं हैं, जबकि कुछ फेरों को समायोजित करना पड़ रहा है।
ऐसे में त्योहार के दौरान अतिरिक्त दबाव की आशंका को देखते हुए एजीएम कार्मिक ने डिपो प्रभारी एजीएम अमिता सैनी को निर्देशित किया कि लोकल रूटों पर अतिरिक्त बसों के फेरे बढ़ाए जाएं।
साथ ही जरूरत पड़ने पर अन्य डिपो से भी चालकों की व्यवस्था करने को कहा गया। उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े पर्व पर यात्रियों को असुविधा न हो, यह विभाग की प्राथमिकता है।
इसके लिए अस्थायी व्यवस्था के तहत अतिरिक्त चालकों की तैनाती और ड्यूटी चार्ट में आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
डिपो प्रभारी एजीएम अमिता सैनी ने बताया कि त्योहार के दौरान संचालन सुचारु रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएंगे।
चालकों को होली पर्व पर प्रोत्साहन राशि के रूप में 1250 रुपये दिए जाएंगे। कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए हैं।









