देहरादून के भुड्डी गांव में एक अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस को घटनास्थल पर जाने से रोका।
देहरादून। शिमला बाइपास रोड स्थित भुड्डी गांव में बदमाशों ने अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्वजन पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव को मुख्य मार्ग पर ले आए और जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस को घर का मुआयना भी नहीं करने दिया।

घटना रविवार रात 10:50 की है। हमलावरों ने भुड्डी गांव निवासी सोहेल उम्र 25 वर्ष को बातचीत करने घर से बाहर बुलाया और उन्हें गोली मार दी। आसपास के लोग कुछ समझ पाते इससे पहले ही हमलावर फरार हो गए।
सूचना पर सीओ सदर अंकित कंडारी, पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद गुसांई पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे तब तक स्वजन शव को मुख्य मार्ग पर ले आए और जाम लगा दिया।

पुलिस जब घटनास्थल का मुआयना करने के लिए जाने लगी तो स्थानीय निवासियों ने उन्हें घटनास्थल पर भी नहीं जाने दिया। स्वजन व स्थानीय निवासी शव को सड़क पर रखकर जाम लगाए हुए हैं। हत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं लग पाया है।

हमलावरों ने नजदीक से गले में मारी गोली
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हमलावरों ने बिल्कुल नजदीक से गले में गोली मारकर हत्या की घटना को अंजाम दिया है। सिंगल राउंड में हो युवक की मृत्यु हो गई। मृतक का एक बड़ा भाई भी है जोकि नेवी में है। जबकि घटना के समय केवल छोटा भाई ही घर पर था। पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है, और मृतक के छोटे भाई से घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
माता-पिता गए हैं हज यात्रा पर
जानकारी के अनुसार मृतक सोहेल के माता पिता इन दिनों हज यात्रा पर गए हुए हैं। सोहेल की एक बड़ी बहन है जोकि शादीशुदा है जबकि एक छोटा भाई है।