Department

Big Breaking:-देहरादून में होली के बाद हाउस टैक्स पर सख्ती, बकायेदारों को देंगे अंतिम चेतावनी

देहरादून नगर निगम होली के बाद हाउस टैक्स वसूली का बड़ा अभियान चलाएगा। आठ टीमें बकायेदारों से संपर्क करेंगी और अंतिम चेतावनी नोटिस जारी किए जाएंगे।

देहरादून। होली के बाद शहर में हाउस टैक्स वसूली को लेकर नगर निगम बड़ा अभियान शुरू करने जा रहा है। वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में अधिकतम राजस्व संग्रह के लक्ष्य के साथ हर वार्ड में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम देहरादून ने आठ टीमों का गठन किया है, जो बकायेदारों से सीधे संपर्क साधेंगी।

रिमाइंडर और नोटिस के बावजूद भुगतान न करने वाले करदाताओं को अब अंतिम चेतावनी नोटिस दिया जाएगा। चेतावनी के 15 दिन के भीतर कर जमा न होने पर संबंधित बकायेदार के खिलाफ आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की कार्रवाई की जा सकती है। साथ ही जोनल कार्यालयों में अतिरिक्त काउंटर लगाकर भी वसूली तेज की जाएगी।

नगर निगम ने करदाताओं की सुविधा के लिए डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी है। अब भवन कर के बिल सीधे व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे हैं, जिनमें आनलाइन भुगतान के लिए लिंक और क्यूआर कोड भी शामिल है। इससे करदाता घर बैठे तुरंत भुगतान कर सकेंगे।

पिछले माह महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त नमामी बंसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि कर वसूली को पारदर्शी और आसान बनाया जाए, ताकि राजस्व में वृद्धि हो सके। नगर निगम ने बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर ली है।

वर्षों से कर जमा न करने वाले प्रतिष्ठानों पर 12 प्रतिशत ब्याज और पेनाल्टी भी लगाई जाएगी। टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाए। राजस्व बढ़ाने की रणनीति के तहत अब नए निर्माण पूरे होते ही संपत्तियों को निगम के रिकॉर्ड में जोड़ा जाएगा और तत्काल कर निर्धारण किया जाएगा। इससे कर आधार (टैक्स बेस) का विस्तार होगा और आय में स्थायी बढ़ोतरी संभव होगी।

नए वार्डों को आंशिक राहत

नए वार्डों के वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को राहत देते हुए पुराना बकाया माफ करने का निर्णय लिया गया है। इनसे केवल चालू वित्तीय वर्ष का कर ही वसूला जाएगा, जिससे वे नियमित करदाता बन सकें। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य केवल कर वसूली नहीं, बल्कि निगम की आय बढ़ाकर शहर में विकास कार्यों को गति देना है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top