रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर 626.00 मीटर से ऊपर 626.21 मीटर पर पहुंच गया है, हालांकि यह खतरे के निशान से नीचे है। प्रशासन ने लोगों से नदी तटों से दूर रहने की अपील की है और संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।
रुद्रप्रयाग। मंगलवार सुबह जारी मौसम एवं आपदा बुलेटिन के अनुसार जनपद में बादल और कोहरे का मौसम बना हुआ है। ऊखीमठ तहसील में पिछले 24 घंटों के दौरान 27.50 मिमी तथा जखोली में 6.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रुद्रप्रयाग तहसील में वर्षा नहीं हुई।
प्रातः 7 बजे की रिपोर्ट के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर 626.21 मीटर दर्ज किया गया, जो 626.00 मीटर के चेतावनी स्तर से ऊपर बह रहा है। हालांकि नदी अभी 627.00 मीटर के खतरे के निशान से नीचे है। वहीं मंदाकिनी, गंगानगर और गौरीकुंड का जलस्तर फिलहाल चेतावनी स्तर से नीचे बना हुआ है।
अलकनंदा नदी के चेतावनी स्तर पर पहुंचने के मद्देनजर प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के माध्यम से लाउडस्पीकर से लगातार लोगों को नदी तटों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के किनारे न जाने की अपील की है।
सड़क मार्गों की बात करें तो राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पूरी तरह सुचारु हैं। राज्य मार्गों के दो हिस्से, पीएमजीएसवाई के तीन मार्ग तथा एनपीसीसी का एक मार्ग प्रभावित है, जबकि लोक निर्माण विभाग के सभी मार्ग खुले हैं।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं तथा आमजन से अपील की है कि किसी भी आपदा, दुर्घटना या मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें।