क्राइम/दुर्घटना

Big Breaking:-6 नवंबर को देहरादून में अमित शाह की जनसभा व धनतेरस से थमेगी रफ्तार, कई सड़कें जीरो जोन

देहरादून में 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा, अलंकरण परेड और धनतेरस की खरीदारी के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी।

देहरादून। छह नवंबर को देहरादून में एक साथ दो बड़े आयोजनों का असर शहर की सड़कों पर दिखेगा। परेड ग्राउंड में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जनसभा और पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के साथ धनतेरस की खरीदारी शहर की यातायात व्यवस्था की परीक्षा लेगी।

पुलिस ने परेड ग्राउंड के चारों ओर जीरो जोन घोषित करने के साथ कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया है। बाजारों में खरीदारी के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा, जबकि पलटन बाजार में सुबह 10 से रात नौ बजे तक लोडिंग वाहन नहीं जा सकेंगे।

पुलिस लाइन में अलंकरण परेड के दौरान नेगी तिराहे से पुलिस लाइन पेट्रोल पंप होते हुए बन्नू स्कूल चौक तक जीरो जोन रहेगा। पलटन बाजार में लोडिंग वाहनों की आवाजाही पर भी रोक रहेगी। केवल राजा रोड से पीपल मंडी होते हुए दर्शनी गेट की ओर वन-वे व्यवस्था लागू होगी। व्यापारियों के वाहनों को टोकन आधार पर प्रवेश मिलेगा।

पुलिस ने नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर क्रेन से उठाने व 1500 रुपये जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन और दोपहिया वाहनों के इस्तेमाल की अपील की गई है। एंबुलेंस, पुलिस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों को प्रतिबंधों से छूट रहेगी।

परेड ग्राउंड के चारों ओर वाहनों की नो एंट्री

जनसभा के दौरान रोजगार तिराहे से सीजेएम तिराहा होते हुए लैंसडाउन चौक तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए जीरो जोन रहेगा। सर्वे चौक से ओरिएंट चौक और लैंसडाउन चौक जाने वाले वाहनों को रोजगार तिराहे से कनक चौक की ओर भेजा जाएगा। बुद्धा चौक से क्रॉस रोड जाने वाले वाहन एमकेपी होकर गुजरेंगे।

आराघर से ईसी रोड जाने वाले वाहनों को सीएमआई, एमकेपी और बुद्धा चौक होते हुए सुभाष रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हरिद्वार और ऋषिकेश से आने वाली बसें रिस्पना पुल, धर्मपुर, आराघर, द्वारका स्टोर और सर्वे चौक होते हुए पानी की टंकी के पास यात्रियों को उतारेंगी।

इसके बाद सीजेएम तिराहा, एमकेपी और रेसकोर्स होकर बन्नू स्कूल में पार्क होंगी। रुड़की, भगवानपुर और आइएसबीटी से आने वाली बसों का ड्रॉप प्वाइंट दून क्लब के सामने रहेगा। सहस्रधारा और रायपुर से आने वाली बसें सर्वे आफ इंडिया गेट के सामने यात्रियों को उतारेंगी, जबकि विकासनगर, चकराता और सहसपुर की बसों का ड्राप प्वाइंट भी दून क्लब के सामने रहेगा।

धनतेरस पर बाजारों के लिए अलग पार्किंग

धर्मपुर बाजार जाने वाले वाहन रेसकोर्स क्षेत्र में, नेहरू कालोनी के वाहन जीएसटी कार्यालय के आसपास लिंक रोड पर और रिस्पना क्षेत्र के वाहन राजीव नगर में पार्क होंगे। प्रेमनगर बाजार के लिए दशहरा ग्राउंड व रायपुर शिव मंदिर बाजार के लिए मालदेवता रोड पर पार्किंग तय की गई है।

अलग-अलग पार्किंग स्थल आवंटित

  • सहस्रधारा, रायपुर और राजपुर रोड से आने वाले वाहन सर्वे चौक, काबुल हाउस, मंगला देवी इंटर कालेज, कनक चौक मल्टीलेवल पार्किंग और एमडीडीए काम्प्लेक्स में खड़े होंगे।
  • चकराता रोड और जीएमएस रोड से आने वालों के लिए जनपथ काम्प्लेक्स और रेंजर्स ग्राउंड में व्यवस्था रहेगी। 
  • ईसी रोड, धर्मपुर और रिस्पना क्षेत्र से आने वाले वाहन रेंजर्स ग्राउंड, दरबार साहिब व राजीव गांधी काम्प्लेक्स में पार्क किए जा सकेंगे। इनमें कई पार्किंग स्थल दोपहर तीन बजे से उपलब्ध होंगे।
Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top