
देहरादून में आरती गौड़ ने उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई करेगी।
देहरादून। इंटरनेट मीडिया पर छवि खराब करने और धमकियां दिलवाने के मामले में आरती गौड़ ने उर्मिला सनावर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरती गौड़ निवासी मोथरोवाला चौक, आईएसबीटी रोड ने थानाध्यक्ष नेहरू कॉलोनी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, सहारनपुर के गोविंद नगर निवासी उर्मिला सनावर नाम की महिला अपनी फेसबुक आईडी “ एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर” के माध्यम से लगातार आरती गौड़ के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक पोस्ट कर रही है।
आरोप है कि उक्त महिला ने पीड़िता का मोबाइल नंबर भी इंटरनेट मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद से उन्हें लगातार अज्ञात लोगों के फोन कॉल आ रहे हैं और धमकियां दी जा रही हैं।
पीड़िता का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पोस्ट के जरिए लोगों को उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है और यहां तक कहा जा रहा है कि उनके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। इस घटनाक्रम से उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचा है और उनके मन में भय और असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो गई है।
आरती गौड़ ने पुलिस से मांग की है कि आरोपित महिला के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









