
चिन्यालीसौड़ बाईपास रोड पर मार्निंग वाक कर रहे सहायक उद्योग अधिकारी ममराज सिंह महंत को मुर्गों से लदे लोडर ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी)। चिन्यालीसौड़ आलवेदर बाईपास रोड पर मुर्गों से लदे लोडर वाहन ने मार्निंग वाक कर रहे युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौत हो गई।
मृतक की पहचान सहायक उद्योग अधिकारी ममराज सिंह महंत के रूप में हुई है। इस मामले में लोडर वाहन चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही है। टिपरी बिष्ट चिन्यालीसौड़ निवासी ममराज सिंह महंत पुत्र टीका सिंह महंत मार्निंग वाक के लिए निकले थे, जो आल वेदर बाईपास रोड पर उत्तरकाशी हाईवे किनारे मार्निंग वाक कर रहे थे।
इसी बीच ऋषिकेश की ओर से आ रहे मुर्गों से लदे लोडर ने अनियंत्रित होकर ममराज को रौंद डाला।
धरासू कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जिसने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिन्यालीसौड़ पहुंचाया, जहां शव की पंचनामे की कार्रवाई की गई।
धरासू कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज असवाल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि चालक को झपकी आई होगी। इस कारण उसने पहले मार्निंग वाक कर रहे सहायक उद्योग अधिकारी को कुचला और फिर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
लोडर वाहन के चालक व परिचालक को भी हल्की चोटें आई। लोडर वाहन के चालक रोहित पुत्र सुभाष निवासी कुंड नौगांव बड़कोट को हिरासत में लिया गया है, जिसने हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना बताया है। हालांकि, यह जांच का विषय है।
इधर, हादसे में सहायक उद्योग अधिकारी की मौत से चिन्यालीसौड़ क्षेत्र सहित दशगी हातड़ बिष्ट पट्टी व भंडारस्यूं दिचली गमरी पट्टी के कई गांव में शोक की लहर है। पूर्व कनिष्ठ उप प्रमुख उर्मिला रांगड़ ने आलवेदर रोड बाईपास पर पुलिस की सख्त ड्यूटी की मांग की है।
चार दिन पहले हादसे में बुजुर्ग की हुई थी मौत
इसी बाईपास रोड पर चार मई को बाइक की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
दोपहर में बाइक सवार युवक अपने साथी के साथ उत्तरकाशी की ओर आ रहा था, जिसने बुजुर्ग को टक्कर मार दी थी।









