
बीकेटीसी की बजट बैठक में 2026-27 के लिए 1.21 अरब से अधिक का अनुमानित बजट पारित हुआ।
देहरादून। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) की बजट बैठक में आगामी यात्रा सत्र 2026-27 को मद्देनजर रखते हुए 1,210799501 से अधिक का अनुमानित बजट पारित किया।
साथ ही बदरीनाथ और केदारनाथ में गैर सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने सहित धामों में यात्रा पूर्व व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने, ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप में मंदिर समिति का शिविर कार्यालय खोलने, धामों में निर्धारित दूरी तक मोबाइल प्रतिबंधित, अस्थायी कर्मचारियों के वेतन विसंगति दूर करने समेत कई अहम प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किए गए।
बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल, जबकि केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल रहे हैं। इसके अलावा गंगोत्री यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया यानी 19 अप्रैल को खुलेंगे।
इसी क्रम में मंगलवार को बीकेटीसी के कैनाल रोड स्थित कार्यालय भवन में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने पिछली बोर्ड बैठक की अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के साथ वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत किया।
बजट बैठक में बदरीनाथ धाम के लिए 57,47,39,601 रुपये, जबकि केदारनाथ धाम के लिए 63,60,59,900 रुपये बजट का प्रविधान किया।
बजट में प्रस्तावित आय के सापेक्ष 99,45,36,651 का प्रस्तावित व्यय दिखाया गया। समिति ने निर्णय लिया कि यात्रा सीजन के दौरान बढ़ती श्रद्धालु संख्या को देखते हुए दर्शन व्यवस्था व आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
बैठक में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, सदस्य धीरज मोनू पंचभैया, महेंद्र शर्मा, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद देवली, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, डा. विनीत पोस्ती, नीलम पुरी, दिनेश डोभाल, राजपाल जड़धारी, राजकुमार तिवारी, रजनीश भट्ट, वित्त अधिकारी मनीष उप्रेती, विधि अधिकारी एस एस बर्त्वाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजन नैथानी आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन व्यवस्था बीकेटीसी का उद्देश्य
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि बीकेटीसी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सरल- और सुगम दर्शन व्यवस्था करना है। आगामी यात्राकाल को ध्यान में रखकर बीकेटीसी ने बजट प्रविधान किए हैं।
कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा निर्देश में केदारनाथ का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होने के बाद अब बदरीनाथ धाम में पुनर्निर्माण कार्य चल रहे हैं।
ये प्रस्ताव भी किए पारित
- बीकेटीसी अधिनियम में कतिपय प्रविधानों में संशोधिन करने
- रावल की नियुक्ति नियमावली व परंपराओं के संबंध में
- बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर में पूजा-दर्शन व्यवस्था
- बीकेटीसी को कार्यदायी संस्था नामित करने
- कर्मचारियों की प्रोन्नति
- मानदेय बढ़ाने
- आदि बदरी मंदिर को बीकेटीसी में सम्मिलित करने
- डिमरी धार्मिक पंचायत के पत्रों पर विचार
- पूजा सामग्री खरीदने
- मर्कंटेश्वर मंदिर के सभा मंडप पुनर्निर्माण
- बीकेटीसी कर्मचारियों के वेतन पेंशन के लिए रिवाल्विंग फंड बनाने
- यात्रा एवं दर्शन एसओपी विचार
- मंदिर परिसर
- दर्शन पंक्ति-रेलिंगों की मरम्मत
- स्वच्छता
- विश्राम गृहों में आवासीय व्यवस्था
- आनलाइन पूजा
- मंदिर समिति की वेबसाइट को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने
- मंदिरों के जीर्णोंद्धार आदि









