बदरीनाथ धाम में माइनस 10 डिग्री तापमान के बावजूद प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट बदरीनाथ महायोजना का काम तेजी से जारी है।
गोपेश्वर। बदरीनाथ धाम में कड़ाके की ठंड और माइनस 10 डिग्री तापमान के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट बदरीनाथ महायोजना को गति देने के लिए मजदूर-कर्मचारी जुटे हुए हैं।
महायोजना के तृतीय चरण के तहत बदरीनाथ मंदिर के 75 मीटर दायरे में नारायण पर्वत क्षेत्र की ओर स्थित भवनों को तोड़ने और उनका मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
प्रशासन ने आठ भवनों को खाली कराकर उनका कब्जा लोक निर्माण विभाग की परियोजना क्रियान्वयन इकाई (पीआइयू) को सौंप दिया है। इसके बाद विभाग ने ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने का काम तेज कर दिया है।
ध्वस्तीकरण और मलबा हटाने का काम तेज
बदरीनाथ मंदिर के आसपास अलकनंदा नदी से मंदिर की ओर 75 मीटर के दायरे में स्थित भवनों को हटाकर क्षेत्र का सुंदरीकरण किया जाना है। इसके लिए कुल 94 भवन चिह्नित किए गए थे। इनमें से 72 भवन दो वर्ष पहले ही ध्वस्त किए जा चुके हैं, जबकि शेष 22 भवनों को मुआवजे और अन्य विवादों के चलते भवन स्वामियों ने खाली नहीं किया था। इस कारण महायोजना के तृतीय चरण का काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था।
अब प्रशासन ने पहल करते हुए आठ भवनों को खाली कराकर लोक निर्माण विभाग की पीआइयू को सौंप दिया है। इन भवनों को तोड़ने के साथ मलबा हटाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। वहीं, शेष 14 भवनों को खाली कराने के लिए प्रशासन की ओर से प्रक्रिया जारी है।
लोक निर्माण विभाग पीआइयू के अधिशासी अभियंता योगेश मनराल ने बताया कि आठ भवनों को हटाने का काम चल रहा है। शेष 14 भवनों को लेकर भी प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि मौसम अनुकूल रहने तक बदरीनाथ धाम में महायोजना के निर्माण कार्य जारी रखने की रणनीति बनाई गई है। वर्तमान में धाम में 300 से अधिक मजदूर, कर्मचारी और अधिकारी विभिन्न कार्यों में जुटे हुए हैं।
बताया कि बर्फबारी के बाद परिस्थितियों के अनुसार आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। यदि भारी बर्फबारी होती है तो निर्माण कार्य कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ सकता है। हालांकि, अभी धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और माइनस 10 डिग्री तापमान के बावजूद श्रमिक महायोजना के कार्यों में जुटे हैं।



