देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल नैनीताल दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री धामी गोलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस में कुमाऊं संभाग के जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद अल्मोड़ा और नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसदों व विधायकों के साथ बैठक प्रस्तावित है. ऐसे में मुख्यमंत्री का यह दौरा चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव का माहौल धीरे-धीरे गरमाने लगा है. सियासी दल जहां संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटे हैं, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का नैनीताल दौरा भी इसी कड़ी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. मुख्यमंत्री रविवार, 16 अगस्त को नैनीताल जिले के दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री देहरादून से हेलीकॉप्टर के जरिए नैनीताल के चोरगलिया स्थित लाखनमंडी हैलीपैड पहुंचेंगे. इसके बाद सड़क मार्ग से गोलापार स्थित नंधौरगढ़ पैलेस जाएंगे. नंधौरगढ़ पैलेस में मुख्यमंत्री कुमाऊं संभाग के भाजपा जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे.
नैनीताल जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा के मुताबिक, इस बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी राजनीतिक गतिविधियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों को लेकर चर्चा होने की संभावना है. इसके बाद दोपहर तीन बजे से मुख्यमंत्री लोकसभा क्षेत्र अल्मो़ा के सांसद और विधायकों के साथ बैठक करेंगे. वहीं शाम साढ़े चार बजे से छह बजे तक नैनीताल लोकसभा क्षेत्र के सांसद और विधायक मुख्यमंत्री के साथ बैठक में शामिल होंगे. इन बैठकों में क्षेत्र के विकास कार्यों, संगठनात्मक विषयों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा होगी. लेकिन विधानसभा चुनाव को देखते हुए इन बैठकों का राजनीतिक महत्व भी काफी बढ़ गया है.
कुमाऊं में विधानसभा सीटों पर संगठन की स्थिति, जनप्रतिनिधियों की सक्रियता और आगामी चुनावी रणनीति को लेकर मुख्यमंत्री का फोकस साफ दिखाई दे रहा है. ऐसे में धामी का यह दौरा सिर्फ विकास और संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित रहेगा या आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को भी नई दिशा देगा, इस पर सभी की नजरें रहेंगी.