भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल, अजय कुमार को राजस्थान की कमान
उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया, तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
नई दिल्ली/देहरादून 02 जून: भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल करते हुए उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार को राजस्थान भाजपा का प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी अजय कुमार को सौंपी है।
इस संबंध में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा नियुक्ति पत्र जारी कर आधिकारिक घोषणा की गई। जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
अजय कुमार लंबे समय से संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और उत्तराखंड भाजपा में संगठन महामंत्री के रूप में उन्होंने संगठन विस्तार, कार्यकर्ता समन्वय तथा विभिन्न चुनावी अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुभव और संगठनात्मक कौशल को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें राजस्थान जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार भाजपा नेतृत्व का यह निर्णय आगामी चुनावी रणनीति और संगठन को जमीनी स्तर तक और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी के भीतर भी इस नियुक्ति को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने अजय कुमार को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में राजस्थान भाजपा का संगठन और अधिक सशक्त होगा।