Big Breaking:-2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, उत्तराखंड दौरे पर आएंगे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 29 और 30 मई को उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं, जहां वे ऊर्जा बचत और सादगी का संदेश देंगे।

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की जमीन मजबूत करने के लिए भाजपा ने चुनावी मोर्चेबंदी तेज कर दी है।

इस कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 29 और 30 मई को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा शक्ति प्रदर्शन की जगह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ऊर्जा बचत और सादगी का संदेश देगा।

पहले तय कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के एयरपोर्ट से पार्टी मुख्यालय तक बड़े काफिले और रोड शो की तैयारी थी, लेकिन अब कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक ऊर्जा बचत और अनावश्यक संसाधनों के उपयोग से बचने के संदेश को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमित वाहनों के साथ सीधे कार्यक्रम स्थलों तक पहुंचेंगे।

भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और सादगीपूर्ण राजनीतिक संस्कृति पर जोर देते रहे हैं।

ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा भी उसी संदेश को आगे बढ़ाने वाला माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी बड़े काफिलों, अनावश्यक वाहनों से बचने के निर्देश दिए गए हैं।

परखेंगे चुनावी रणनीति और संगठन की मजबूती

राष्ट्रीय अध्यक्ष देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सरकार और संगठन दोनों की अलग-अलग समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री धामी, पूर्व मुख्यमंत्रियों, सांसदों, विधायकों, कोर कमेटी सदस्यों और जिला प्रभारियों के साथ बैठकें निर्धारित की गई हैं। इन बैठकों में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की जमीनी स्थिति और विपक्ष की गतिविधियों पर विस्तृत चर्चा होगी।

कमजोर सीटों की दी जाएगी रिपोर्ट

भाजपा इस बार खास तौर पर उन सीटों पर फोकस कर रही है जहां पिछला चुनाव बेहद कम अंतर से जीता या हारा गया था। पार्टी ने विधानसभा क्षेत्रवार रिपोर्ट तैयार कराई है।

बूथ स्तर तक फीडबैक लिया गया है और हर क्षेत्र के सामाजिक व राजनीतिक समीकरणों का विश्लेषण किया जा रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष को हारी हुई सीटों और हाईरिस्क विधानसभा क्षेत्रों का अलग प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा।

धरातल पर उतारा जाएगा बंगाल माडल

भाजपा संगठन उत्तराखंड में बंगाल माडल की तर्ज पर बूथ प्रबंधन मजबूत करने में जुटा है। प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय टीम गठित की जा रही है, जिसमें महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और लाभार्थी संपर्क अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।

साथ ही पन्ना प्रमुखों को दोबारा सक्रिय किया जा रहा है, ताकि मतदाता सूची के हर परिवार तक सीधी पहुंच बनाई जा सके।

राष्ट्रीय अध्यक्ष लाभार्थी संपर्क अभियान की भी समीक्षा करेंगे। पार्टी का मानना है कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों तक सीधा संवाद आगामी चुनाव में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कैबिनेट मंत्रियों के साथ अलग बैठक करेंगे, जिसमें विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति, लंबित परियोजनाओं और सरकारी घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा होगी।

पार्टी चाहती है कि चुनाव से पहले सरकार की योजनाओं का असर सीधे जनता तक दिखाई दे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 29 व 30 मई को राष्ट्रीय अध्यक्ष देहरादून प्रवास पर रहेंगे। उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें