बसपा उत्तराखंड चुनाव का बिगुल 6 दिसंबर को फूंकेगी। इस दिन पार्टी के राष्ट्रीय को ऑर्डिनेटर आकाश आनंद हरिद्वार में जनसभा को संबोधित करेंगे। पार्टी की योजना देहरादून और हरिद्वार की सीटों पर है।
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बसपा भी सक्रिय हो गई है। पार्टी छह दिसंबर को हरिद्वार में जनसभा के जरिए अपने चुनावी अभियान का शंखनाद करेगी। राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद की मौजूदगी में होने वाले इस कार्यक्रम के साथ ही पार्टी ने टिकट के दावेदारों की तलाश और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद भी तेज कर दी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए रविवार को देहरादून में प्रदेश प्रभारी अनिल चौधरी ने पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। पार्टी के अनुसार डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर हरिद्वार में जनसभा आयोजित होगी।
देहरादून की हर सीट पर नजर
भीड़ जुटाने के लिए देहरादून जिले की हर विधानसभा सीट से कार्यकर्ताओं को हरिद्वार ले जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रदेश प्रभारी अनिल चौधरी ने जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों के बायोडाटा भी लिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट वितरण में संगठन की राय और क्षेत्रीय सक्रियता को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में जोन प्रभारी सत्यपाल, जिलाध्यक्ष केपी सिंह, टिहरी लोकसभा प्रभारी सतेंद्र सिंह, जिला महासचिव प्रमोद गौतम, रमेश चंद, जसपाल, पंकज, राहुल, टीकाराम, सुरेंद्र झांझनिया, विनोद कटारिया मौजूद रहे।
26 नवंबर तक चलेगा कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
भाजपा सरकार के मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार के विरोध में राज्यभर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान अब 23 नहीं 26 नवंबर तक चलेगा। प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) राजेंद्र सिंह भंडारी ने इस अभियान को अब मंडलम और बूथ स्तर तक विस्तारित किया गया है, जो 22 नवंबर तक संचालित होगा। सभी जिला, महानगर और ब्लॉक कमेटियों को 23 नवंबर तक हस्ताक्षरयुक्त दस्तावेज एवं बैनर देहरादून स्थित प्रदेश मुख्यालय में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। इन्हें राज्यपाल को सौंपा जाएगा।
26 साल बाद भी शहीदों के सपने अधूरे : उपपा
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष प्रभात ध्यानी ने कहा है कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी शहीदों के सपने साकार नहीं हो पाए हैं। प्रदेश को स्थायी राजधानी नहीं मिली। आम सहमति के प्रतीक गैरसैंण की अनदेखी की जा रही है। जनता पर तीन-तीन राजधानियों का बोझ तक डाला जा रहा है।
रविवार को अग्रवाल धर्मशाला में हुए जन संवाद में उन्होंने व्यापक बदलाव की जरूरत बताई। केंद्रीय संयोजक पीसी तिवारी ने आरोप लगाया कि 26 साल बाद भी कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाली अपनी सड़क तक नहीं बन पाई है। लोगों को यूपी से होकर गुजरना पड़ता है। उन्होंने खेती-किसानी की बदहाली, बढ़ती नशाखोरी, बंद होते स्कूल और जर्जर स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताई। उन्होंने यह भी कहा कि संघर्षशील संगठनों को एक मंच पर आना होगा।



