बाजपुर में ड्यूटी से लौट रहे वन विभाग के संविदा कर्मी भारत सिंह की बाइक गोवंश से टकराने से दर्दनाक मौत हो गई।
बाजपुर। ड्यूटी से घर लौट रहे वन विभाग के एक संविदा कर्मी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे मड़ैया हट्टू गुरुद्वारा साहिब के निकट उस समय हुआ, जब उनकी बाइक अचानक सड़क पर आए गोवंश (सांड) से टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, भीकमपुरी बन्नाखेड़ा निवासी 22 वर्षीय भारत सिंह पुत्र स्वर्गीय जगत सिंह अपने दो साथियों के साथ बैरिया दौलत क्षेत्र से ड्यूटी कर बाइक से घर लौट रहा था।
अचानक सड़क पर आ गया सांड
अचानक सड़क पर आए सांड से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे और भारत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।आरोप है कि रंणपुरी के दोनों साथी घायल अवस्था में कि भारत सिंह को सड़क पर पड़ा छोड़कर भाग गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर पड़े भारत सिंह को निजी वाहन से उप जिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद भारत को मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।
बताया गया कि भारत सिंह वर्ष 2023 से वन विभाग की बरहैनी रेंज में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। करीब आठ वर्ष पूर्व बीमारी के चलते उसके पिता जगत सिंह का निधन हो चुका था।
भारत सिंह परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी मां सीता देवी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव तथा वन विभाग के कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।