उत्तरकाशी में भूस्खलन की चपेट में आई कार, सड़क से नीचे गिरी; सवार बाल-बाल बचे : उत्तरकाशी में चारधाम यात्रा के बाईपास मार्ग पर मनेरा तिरपानी क्षेत्र में एक कार भूस्खलन की चपेट में आकर सड़क से नीचे गिर गई। कार सवारों ने समय रहते भागकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
चारधाम यात्रा के बाइपास मार्ग तेखला मनेरा बड़ेथी पर मंगलवार को बड़ा हादसा टल गया।शाम करीब पौने सात बजे एक कार भूस्खलन प्रभावित मनेरा तिरपानी क्षेत्र से गुजर रही थी, जो कि दलदली क्षेत्र में फंस गए।
कार सवार कार से उतरकर कार को धक्का मार रहे थे कि इसी दौरान पहाड़ी से दलदली मलबा आने लगा, जिसकी चपेट में आने से कार अनियंत्रित हो गई और कार सड़क से नीचे लुढ़कने लगी। वहीं, कार सवारों ने भागकर जान बचाई।
शहर कोतवाल दिनेश कुमार ने बताया कि प्रकाश चंद रमोला पुत्र सुमित चंद्र रमोला निवासी मल्ली बधाण तहसील चिन्यालीसौड़ एक अन्य व्यक्ति के साथ सेंट्रो कार से मनेरा तिरपानी के भूस्खलन क्षेत्र गुजर रहे थे, जैसे ही कार भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में पहुंची तो दलदली क्षेत्र में फंस गई।
कार सवार दोनों ने नीचे उतरकर अन्य लोगों की मदद से कार को धक्का मारकर निकालने का प्रयास किया। लेकिन इसी बीच पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आने लगा, जिसे देख प्रकाश व अन्य सवार तत्काल ने भागकर अपनी जान बचाई। यदि वह कार छोड़कर नहीं भागते तो बड़ा हादसा हो सकता था।