
युवक दुकान पर बैठा था। तभी कदीर अपने 10 से अधिक साथियों के साथ बाइक से आया और दुकान के बाहर खड़ा हो गया और गाली गलौज करने लगा था। इसके बाद मारपीट कर फायरिंग भी की।
भारतीय किसान यूनियन तोमर के राष्ट्रीय सचिव तालिब के पुत्र पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
घटनास्थल की वीडियो पुलिस के कब्जे में है। हमलावरों की तलाश को संभावित ठिकानों पर पुलिस की दबिश जारी है। मामला आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
गंगनहर कोतवाली के राशिब निवासी गांव रामपुर में बताया कि गांव में बिजली की दुकान है। सोमवार रात वह दुकान पर बैठा था। तभी कदीर निवासी लाठरदेवा कोतवाली गंगनहर अपने 10 से अधिक साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर खड़ा हो गया और गाली गलौज करने लगा था।
इस बीच एक बच्चे ने आकर बताया कि उन पर हमला होने वाला है। जिसके बाद वह सतर्क हो गए थे। तभी वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही कदीर पक्ष के लोगों ने देशी तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी थी।
वह जान बचाकर इधर-उधर भागे, हालांकि गोली लगने से तो वह बच गए लेकिन हमलावरों ने उनकी दुकान में भी जमकर तोड़फोड़ की। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है। इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मास्टर, इंतखाब निवासी माधोपुर कोतवाली गंगनहर, अखलाक, आजम,
आलम निवासी नगला कुबड़ा कोतवाली मंगलौर और कदीर निवासी लाठरदेवा कोतवाली गंगनहर रुड़की समेत 11 हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। हमलावरों की पहचान हो चुकी है, गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर पुलिस की दबिश जारी है।









