उत्तराखण्ड

Big Breaking:-अंकिता की चैट सार्वजनिक करने का प्रकरण, विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर पर मुकदमा दर्ज

अंकिता भंडारी के माता-पिता की शिकायत पर विनोद आर्य और वकील अनुज पुंडीर के खिलाफ FIR दर्ज की गई है.

देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार सुबह से देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर आखिरकार पुलिस ने थाना राजपुर देहरादून में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली है. इसके बाद मुकदमे को आगे की कार्रवाई के लिए नगर कोतवाली हरिद्वार पुलिस को भेज दिया गया है.

अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर नया विवाद खड़ा हो गया है. अंकिता के माता-पिता की शिकायत पर पुलिस ने पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है कि अंकिता भंडारी और उनके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई निजी व्हाट्सएप चैट को सार्वजनिक कर उनकी निजता और गरिमा को ठेस पहुंचाई गई.

अंकिता की माता सोनी देवी और पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी की ओर से 22 नवंबर 2026 को पुलिस को शिकायत दी गई थी. शिकायत में बताया गया कि, अंकिता हत्याकांड के मुकदमे की सुनवाई के दौरान अंकिता और उनके मित्र पुष्पदीप के बीच हुई व्हाट्सएप चैट को इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में संकलित किया गया था. इन चैट में दोनों के बीच हुई निजी बातचीत भी शामिल थी.

शिकायत के अनुसार, मुकदमे की सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता अनुज पुंडीर ने इन निजी चैट के आधार पर गवाहों से सवाल पूछने का प्रयास किया था, लेकिन अदालत ने इन सवालों को अप्रासंगिक मानते हुए अनुमति नहीं दी थी. अदालत ने मृतका की व्यक्तिगत गरिमा और निजता को ध्यान में रखते हुए इस तरह के सवालों पर आपत्ति स्वीकार की थी.

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट के समक्ष भी निजी चैट की संवेदनशीलता और निजता का मुद्दा उठा था. इसके बावजूद 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य द्वारा अंकिता और उनके मित्र की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक रूप से प्रसारित और प्रदर्शित किए जाने का आरोप लगाया गया है.

अंकिता के माता-पिता ने इसे मृतका की निजता, गरिमा और प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए कहा कि, इससे न केवल अंकिता की स्मृति और सम्मान को आघात पहुंचा है, बल्कि परिवार को भी गहरा मानसिक कष्ट हुआ है.

शिकायत में विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता-2023 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम-2000 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई थी.

वहीं आज 25 नवंबर तक भी शिकायत दर्ज न होने से नाराज अंकिता भंडारी के माता-पिता सुबह से गांधी पार्क में धरने पर बैठे थे. उनकी मांग थी कि विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए. दिनभर धरना प्रदर्शन के बाद अंकिता के माता-पिता विपक्ष के कई नेताओं के साथ पुलिस मुख्यालय पहुंचे. यहां उन्होंने एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली. साथ ही नियमानुसार मामले को हरिद्वार पुलिस को स्थानांतरित कर दिया है. थाना राजपुर देहरादून जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद अब नगर कोतवाली हरिद्वार पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 25 नवंबर 2026 को शाम 5 बजकर 32 मिनट पर थाना राजपुर, देहरादून में इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 356(2), 79 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम-2000 की 66C और 66D की धारा में शून्य प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई. आगे की कार्रवाई के लिए नगर कोतवाली हरिद्वार पुलिस को भेज दिया गया है.

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top