उत्तराखण्ड

Big Breaking:-उत्तराखंड में चुनाव से पहले धर्मपुर कांग्रेस में हलचल, टिकट बंटवारे पर बगावत के सुर उठे

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले ही धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में बगावत के सुर उठते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने बैठक कर स्थानीय को ही विधानसभा का टिकट देने की मांग उठाई।

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच धर्मपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के भीतर ही टिकट को लेकर खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। पार्टी के स्थानीय नेताओं ने एकजुट होकर बाहरी प्रत्याशी के बजाय विधानसभा क्षेत्र के ही किसी अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ता को टिकट देने की मांग उठाई है।

नेताओं ने साफ कहा कि वर्षों से पार्टी को मजबूत करने और चुनावों में जीत दिलाने के लिए मेहनत करने वाले स्थानीय कार्यकर्ताओं को ही इस बार मौका मिलना चाहिए। उधर, कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने भी धर्मपुर में पहुंचकर कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटने का आह्वान किया।

मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेताओं की एक बैठक आहूत की गई। बैठक के बाद पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के पूर्व उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत ने कहा कि टिकट विधानसभा क्षेत्र के अनुभव प्राप्त कार्यकर्ता को ही मिलना चाहिए। पूर्व पार्षद हरि प्रसाद भट्ट ने कहा कि सभी विधानसभा के कार्यकर्ता वर्षों से कांग्रेस पार्टी की सेवा करते आ रहे हैं, इसलिए ऐसे समय पर पार्टी को भी स्थानीय कार्यकर्ता पर ही विश्वास करना चाहिए।

पूर्व पार्षद रमेश कुमार मंगू ने कहा कि 2024 में पार्टी के पूर्व विधायक और मंत्री के द्वारा पार्टी छोड़ने के बाद भी समर्पित कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की राह थामी रखी, ऐसे में पार्टी को भी चाहिए की विधानसभा चुनाव के अवसर पर स्थानीय व्यक्ति को ही तवज्जो दे। प्रदेश महासचिव याकूब सिद्दीकी ने कहा धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र का कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती से हर चुनाव में पार्टी के साथ खड़ा रहा है और 2027 का चुनाव धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण चुनाव है। इसलिए पार्टी नेतृत्व को चाहिए कि स्थानीय स्तर पर पार्टी प्रत्याशी का चयन करें।

नेता बोले-पार्टी को स्थानीय कार्यकर्ताओं ने मजबूत किया

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य सुरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा के सृजन के समय से विधानसभा के अंतर्गत कांग्रेस को मजबूत करने का काम स्थानीय कार्यकर्ताओं ने किया है। उनके दम पर धर्मपुर विधानसभा में पार्टी ने दो चुनाव में जीत हासिल की है और यही कार्यकर्ता पुनः धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस को विजय दिलाएंगे।

समर्पित भावना से काम करने वाले कार्यकर्ता को टिकट मिले

कांग्रेस के प्रदेश सचिव ओमप्रकाश सती बब्बन ने कहा कि पार्टी में समर्पित भावना से काम करने वाले कार्यकर्ता को चुनावी अवसर पर अवसर प्रदान किया जाना न्यायोचित होता है। प्रदेश सचिव संदीप चमोली ने कहा कि धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता अपने स्थानीय प्रतिनिधि को अवसर प्रदान किए जाने के पक्षधर हैं।

प्रीतम महिला अपराध और कानून व्यवस्था पर बरसे

कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह मंगलवार को महिला अपराध, कथित भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर बरसे। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव किसी विशेष व्यक्ति का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम होता है।

प्रीतम ने मंगलवार को धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रीतम ने आह्वान किया कि सभी कांग्रेसी एकजुट होकर जनता के बीच जाएंगे और स्थानीय मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लग रहे हैं। इस दौरान आसिफ हुसैन, आफताब, देवेश, विनोद, उमेश सिंह, विलियम, जयपाल जस्टिन, प्रकाश मणि, महताब राव, सुहैब खान सहित कई लोगों ने कांग्रेस का दामन थामा।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top