उत्तराखण्ड

Big Breaking:-अफसर को पंचायत में चाकू से गोदा, भाई की लव मैरिज पर अदालत से ली थी सुरक्षा; गर्दन

पौड़ी के अफसर पर हरिद्वार में पंचायत के दौरान गांव के कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित के भाई ने गांव की ही लड़की से लव मैरिज की थी और अदालत से सुरक्षा भी ली थी। इस पर गांववाले नाराज थे।

हरिद्वार के पथरी क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में पंचायत के दौरान छुट्टी पर घर आए सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर कुछ ग्रामीणों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन और दाएं हाथ के कंधे के ऊपर चोट आई है। बताया जा रहा है कि अफसर के भाई की लव मैरिज पर गांव के कुछ लोगों में गुस्सा था।

वे मामले में हाई कोर्ट से सुरक्षा लिए जाने को लेकर भी भड़के हुए थे। घायल अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, कमलेश पुत्र नरेश निवासी ग्राम शिवगढ़ पौड़ी गढ़वाल जिले के विकासखंड जहरीखाल में सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। वह कुछ दिन पहले छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे। इसी दौरान उन्हें गांव में चल रहे एक विवाद की जानकारी मिली। बताया गया कि परिवार में उनका भाई अभिषेक पुत्र भागमल गांव की ही एक युवती को अपने साथ ले गया था। बाद में दोनों ने शादी कर ली और इस संबंध में नैनीताल हाईकोर्ट से प्रोटेक्शन का आदेश भी प्राप्त कर लिया था।

लव मैरिज से गांव में कुछ लोग नाराज थे

बताया जा रहा है कि इस मामले को लेकर गांव के कुछ लोग नाराज थे। उन्हें युवक-युवती का शादी करना और हाईकोर्ट से सुरक्षा का आदेश लेना पसंद नहीं आया। इसी विवाद को लेकर ग्रामीणों ने गांव में पंचायत बुलाई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान मामला बिगड़ गया। बताया जा रहा है कि पंचायत के दौरान गांव के एक युवक अंकुश ने कमलेश को पकड़ लिया। इसके बाद धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चाकू उनकी गर्दन और दाएं हाथ के कंधे के ऊपर लगा। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पंचायत में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अंकुश, धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। एसओ पथरी रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नशा मुक्ति केंद्र में युवक ने फांसी लगाकर दी जान

एक अन्य घटना के तहत विकासनगर में मलूकावाला-छोटूवाला स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में 21 वर्षीय युवक ने पंखे से लटककर जान दे दी। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने नशा मुक्ति केंद्र संचालकों पर युवक के साथ मारपीट करने और हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि उनके मौके पर पहुंचने से पहले ही पुलिस ने शव को नीचे उतार दिया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

रजा शिवपुरी-डाकपत्थर निवासी इमरान उर्फ भूरा (21) पुत्र रमजान नशे का आदी था। परिजनों के अनुसार पिछले चार वर्षों से वह नशे की लत से जूझ रहा था। पहले भी कई बार उसे इसी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था। हाल ही में तीन दिन पहले ही परिजनों ने उसे फिर से केंद्र में भर्ती कराया था। एसएसआई शिशुपाल राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top