Big Breaking:-पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड मामले में मुकदमा दर्ज, घटना में महिला की हुई थी मौत

पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड मामले में मुकदमा दर्ज, घटना में महिला की हुई थी मौत

देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में अग्निकांड मामले में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज. घटना में महिला की मौत हो गई थी.

देहरादून: राजधानी देहरादून के पैनेसिया अस्पताल अग्निकांड में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है. इस अग्निकांड में अस्पताल में भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी.

मृतक महिला के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत देकर अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

जीएमएस रोड कावली गांव निवासी सन्नी पाल ने नेहरू कॉलोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी 55 वर्षीय माता वीरवती को 19 मई की सुबह चक्कर आने के बाद दून अस्पताल और अन्य अस्पताल में बेड न मिलने के बाद पैनेसिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में करीब 10 घंटे के इलाज, जांच और दवाइयां के नाम पर करीब 50 हजार रुपए वसूले गए.

20 मई की सुबह उनके बड़े भाई कमल पाल ने फोन कर बताया कि, अस्पताल के आईसीयू में आग लग गई है. कुछ देर में सूचना मिली कि उनकी मां आग में झुलस गई है और उन्हें आनन-फानन में कैलाश अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आरोप लगाया है कि कुछ एंबुलेंस कर्मी और अन्य अस्पताल के स्टाफ कथित रूप से मरीजों को पैनेसिया अस्पताल भेजने के लिए सक्रिय रहते हैं. परिजनों ने पूरे नेटवर्क और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच की मांग की है. साथ ही आरोप लगाया है कि, अस्पताल में आग बुझाने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी और प्रशिक्षित स्टाफ की कमी के कारण उनकी मां की जान चली गई.

थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि, ‘पीड़ित की शिकायत के आधार पर पैनेसिया अस्पताल प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है.’

गौर है कि, 20 मई की सुबह करीब 09:30 बजे देहरादून के रिस्पना पुल के पास स्थित पैनेसिया अस्पताल में आग लग गई थी. आग का कारण AC में आग लगना बताया गया है. आग की शुरुआत आईसीयू से हुई थी, जहां भर्ती महिला की आग से झुलकर मौत हो गई थी.

Ad Ad

सम्बंधित खबरें