
डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून में छात्र संघ समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिंसा भड़क गई। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के प्रदर्शन के बीच एक छात्र गौरव कुमार को चाकू मार दिया गया।
देहरादून । डीएवी पीजी कालेज में आयोजित छात्र संघ समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम अचानक हिंसा में बदल गया। डांस प्रस्तुति के बीच एक छात्र पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे कार्यक्रम स्थल पर अफरातफरी मच गई।
घटना दोपहर 12:30 बजे की है। जब छात्र छात्राएं हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के गीतों पर मंच के सामने गाने पर नृत्य कर रहे थे। तभी काली शर्ट पहने एक युवक बीच में घुसा और उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में छात्र के दाएं हाथ पर चार गहरे घाव आए हैं।
घटना के बाद पंडाल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई छात्र-छात्राएं कार्यक्रम छोड़कर बाहर निकल गए। वहीं मंच और परिसर में पुलिस पहुंच चुकी है। घायल छात्र की पहचान गौरव कुमार के रूप में हुई है, जो डीएवी इंटर कालेज में 12वीं का छात्र है।
गौरव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गजरौला का निवासी है और देहरादून में डिलाइट पीजी में रह रहा है। घायल छात्र को उपचार के लिए दून अस्पताल ले जाया गया है।
गौरव ने बताया कि वह गाने पर डांस कर रहा था, तभी एक अज्ञात छात्र अचानक आया और उस पर चाकू से हमला कर दिया।
वहीं, घटना के दौरान मंच पर प्रस्तुति दे रहे हरियाणवी गायक मासूम भी हालात बिगड़ते देख कार्यक्रम बीच में छोड़कर चले गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपित की तलाश की जा रही है। परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।









