उत्तराखण्ड

Big Breaking:-मुख्यमंत्री धामी का युवाओं को तोहफा: हर ग्राम पंचायत में बनेगा खेल क्लब, बढ़ेगी प्राइज मनी

मुख्यमंत्री धामी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर युवाओं और खिलाड़ियों के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब, चैंपियनशिप में खेलों की संख्या व पुरस्कार राशि में वृद्धि और पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाना शामिल है।

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं और खिलाड़ियों के लिए घोषणाओं का पिटारा खोला। प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित होगा।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी में खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी और प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने और ओवरआल विजेता जिले को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की धनराशि पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की घोषणा भी की गई। उन्होंने पीआरडी जवानों का मानदेय बढ़ाने की भी घोषणा की।

शनिवार को पवेलियन ग्राउंड में आयोजित ‘रन फार यूनिटी’ में पहुंचे युवाओं को मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में खेल क्लब बनने से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। चैंपियनशिप ट्राफी में पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।

कुल धनराशि बढ़ाने की भी घोषणा

प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि बढ़ाने की भी घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने दून के आमवाला में युवा केंद्र से लगी खाली भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की घोषणा भी की। यहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। पीआरडी जवानों के मानदेय में वृद्धि के संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, बस उन्हें निखारने की जरूरत है। राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित कर रही है। हर स्तर पर खिलाड़ियों की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। प्रदेश में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जा रही है। सीएम ने खुशी जाहिर की कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। पदक विजेताओं को सरकारी विभागों में आउट आफ टर्न नियुक्ति दी जा रही हैं।

बढ़ेगी पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्राफी के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 रुपये और तृतीय 150 से 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये होगी। संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 1000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 2000, 1500 और 1000 रुपये किए जाएंगे।

राष्ट्रीय एकता और नशामुक्ति का संदेश

मुख्यमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में उनका योगदान ऐतिहासिक है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने तथा खेल और योग को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

साथ ही नशे से दूर रहने और नशामुक्त उत्तराखंड के अभियान को मजबूत करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और खजान दास, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top