
मुख्यमंत्री धामी ने देवप्रयाग के रघुनाथ मंदिर, पौड़ी के लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी के सीता मंदिर को भव्य धार्मिक सर्किट के रूप में विकसित करने की घोषणा की है।
देहरादून। प्रदेश में जल्द ही देवप्रयाग स्थित रघुनाथ मंदिर, इसी के नजदीक पौड़ी जिले के कोट ब्लाक स्थित लक्ष्मण मंदिर और फलस्वाड़ी स्थित सीता मंदिर को धार्मिक सर्किट के रूप में भव्यता के साथ विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इससे प्रदेश में आने वाले श्रद्धालु इन तीनों मंदिरों के आसानी से दर्शन कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत यमकेश्वर, पौड़ी, श्रीनगर, चौबट्टाखाल, लैंसडौन और कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों के लिए की गई मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की।
इस दौरान उन्होंने घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों में तेजी लाई जाए।
उन्होंने 15 जून तक सभी लंबित घोषणाओं के शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि घोषणाओं के प्रभावी अनुश्रवण के लिए पीईआरटी चार्ट तैयार किया जाए, ताकि समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण हो सकें।
सरकारी भवनों में लगाएं सोलर पैनल
मुख्यमंत्री ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, सड़क, वनाग्नि और मानव-वन्यजीव संघर्ष से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने पार्किंग की समस्या के समाधान और सरकारी भवनों में सोलर पैनल लगाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए विधायकों द्वारा दिए जा रहे प्रस्तावों पर मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने पौड़ी में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए मल्टीपरपज हाल बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने रोपवे परियोजनाओं की अलग से समीक्षा करने को कहा।
प्रत्येक विकासखंड में खोले जाएंगे बालिका छात्रावास
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राज्य के प्रत्येक विकासखंड में बालिकाओं के लिए छात्रावास बनाए जाएंगे। इसके लिए अधिक छात्राओं वाले विद्यालयों को चिह्नित कर भूमि उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व डा धन सिंह रावत, क्षेत्रीय विधायक और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।









