Department

Big Breaking:-सीएम धामी का बड़ा कदम, देहरादून में AI ट्रैफिक सिग्नल से मिलेगी जाम से मुक्ति; 33.45 करोड़ मंजूर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 33.45 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इस पहल से शहर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित ट्रैफिक सिग्नल और सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।

देहरादून। राजधानी में तेजी से बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण यातायात व्यवस्था लगातार चुनौती बनती जा रही है। शहर में लगने वाले जाम और यातायात दबाव को कम करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है।

शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने 33.45 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जाने का अनुमोदन प्रदान किया है, जिसके तहत कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले मार्गों पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

यातायात प्रबंधन को स्मार्ट बनाने के लिए ट्रैफिक सिग्नल आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) से संचालित होंगे। इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से विस्तृत कार्ययोजना भी बनाई गई है। स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत एआइ आधारित ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।

यातायात नियमों का उल्लंघन करते ही वाहन चालकों का आनलाइन चालान स्वत: ही कटकर वाहन स्वामी के रजिस्टर्ड मोबाइल पर आ जाएगा। जल्द ही राजधानी में ट्रायल के तौर पर सिस्टम शुरू किया जाएगा।

यातायात प्रबंधन के लिए शहर में 56 ट्रैफिक सिग्नल व रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन (आरएलवीडी) व स्पीड वाललेशन डिटेक्शन (एसवीडी) कैमरे लगाए गए हैं, जोकि रेड लाइट जंप व ओवर स्पीड वाइलेशन के आनलाइन चालान करते हैं। जबकि अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती। लेकिन एआइ सिस्टम शुरू होने के बाद नियम तोड़ने वालों के तत्काल चालान किए जाएंगे।

व्यस्त चौराहे होंगे री-डिजाइन, यातायात संकेतकों में सुधार

योजना के तहत शहर के कई व्यस्त चौराहों को री-डिजाइन किया जाएगा ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सके। कई स्थानों पर लेन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा और यातायात संकेतकों को आधुनिक बनाया जाएगा।

इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नए स्पीड डिस्प्ले बोर्ड, साइन बोर्ड और रोड मार्किंग भी कराई जाएगी। इन कार्यों के पूरा होने के बाद शहर में जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी और लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। स्कूल, कार्यालय और बाजार के समय लगने वाले जाम को नियंत्रित करने में यह योजना काफी मददगार साबित होगी।

डिवाइडरों में होगा सुधार, लेफ्ट टर्न होंगे फ्री

शहर में कई जगह अस्थाीय रूप से डिवाइर बनाए गए हैं, जोकि हादसों के कारण भी बन रहे हैं। दर्शन लाल चौक, कमला पैलेस चौक, रेलवे स्टेशन सहित कई जगह सड़कों के बीचों-बीच सीमेंट के बड़े डिवाइडर रखे गए हैं, जिन्हें कोई भी इधर-उधर हटा देता है।

अंधेरे में नजर न आने के कारण कई बार वाहन चालक चोटिल हो जाते हैं। ऐसे में यातायात पुलिस व जिला प्रशासन इनमें भी सुधार करेगी। इसके अलावा लेफ्ट टर्न फ्री न होने के कारण हर तिराहे व चौराहे पर जाम की समस्या बनी होती है। ऐसे में कुछ तिराहों व चौराहों का चौड़ीकरण करने की भी योजना बनाई गई है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top