
उत्तराखंड में सीएनजी की कीमतें दिल्ली से भी अधिक हैं, जिससे उपभोक्ताओं पर भारी बोझ पड़ रहा है। राज्य के विभिन्न शहरों में सीएनजी के अलग-अलग दाम होने से उपभोक्ता ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, जबकि खपत लगातार बढ़ रही है।
देहरादून। तेल संकट के बीच दून में सीएनजी की खपत लगातार बढ़ रहीं है, लेकिन सीएनजी की ज्यादा कीमत उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ डाल रही है। दिल्ली से भी ज्यादा महंगी सीएनजी दून में मिल रही है।
हरिद्वार व दून में भी सीएनजी के अलग-अलग रेट है। एक ही राज्य में उपभोक्ता को दो रेट पर सीएनजी मिल रही है। इससे उपभोक्ता भी ठगा सा महसूस कर रहे हैं।
हरिद्वार में सीएनजी 5.50 रुपये महंगी
ईंधन की किल्लत के बीच उत्तराखंड में गैस कम्पनियों की मनमर्जी चल रही है। राज्य के अलग-अलग शहरों में सीएनजी की दरें भी कम्पनियों ने मनमुताबिक तय की हुई है। देहरादून की बजाये हरिद्वार में सीएनजी 5.50 रुपये प्रति किलोग्राम महंगी है, जबकि कुमाऊं क्षेत्र में 100 रुपये तक सीएनजी के दाम वसूले जा रहे हैं। ऐसे में गैस कम्पनियों मनमानी कर उपभोक्ताओं की जेबों को ढीला करने में लगी हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, ज्य में एक लाख से अधिक सीएनजी वाहन पंजीकृत है। वहीं, प्रदेश के विभिन्न शहरों में अलग-अलग गैस कम्पनियां सीएनजी और पीएनजी की आपूर्ति में लगी हैं। जनपद दून में फिलहाल 16 पंप के जरिए गेल गैस लिमिटेड उपभोक्ताओं को सीएनजी उपलब्ध करा रही हैं।
वहीं, देशभर में करीब 44 कम्पनियां पीएनजी-सीएनजी की आपूर्ति से जुड़ी हुई है, लेकिन एक ही ईंधन के अलग-अलग रेट उपभोक्ता से वसूले जा रहे हैं।
देहरादून 94.50 और हल्द्वानी में 100 रुपये सीएनजी
उत्तराखंड के शहरों में सीएनजी अलग-अलग दरों पर मिल रही है। राजधानी दून में सीएनजी 94.50 रुपये में मिल रही है, जबकि हल्द्वानी व रुद्रपुर में यह 100 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रही है। रुड़की में 99 रुपये और हरिद्वार में 100 रुपये किलो रिफिलिंग की जा रही है । सीएनजी के दामों का अंतर वाहन भाड़े पर पड़ रहा है।
दिल्ली-यूपी से भी महंगी सीएनजी
उत्तराखंड में सीएनजी महंगी होने से उपभोक्ता परेशान है। वहीं, दूसरे राज्यों की तुलना में उत्तराखंड में सीएनजी 10 से 20 फीसदी तक महंगी मिल रही है, जबकि पड़ोसी राज्यों में सीएनजी सस्ती है। सीमा से सटे यूपी के गाजियाबाद और नोयडा में 80.70 रुपये किलो और देश की राजधानी दिल्ली में 80.09 रुपये किलो गैस मिल रही है।
वहीं, उत्तराखंड में 94.50 रुपये से लेकर 100 रुपये तक गैस मिल रही है। तुलनात्मक दृष्टि से देखें तो दिल्ली से 20 फीसदी ज्यादा कीमत पर उत्तराखंड में सीएनजी मिल रही है।
वैट कम फिर भी महंगी सीएनजी
उत्तराखंड में सीएनजी पर 5 फीसदी वैट लागू है, जबकि पड़ोसी राज्य यूपी में 12 फीसदी वैट है, लेकिन फिर भी यूपी में उत्तराखंड से सीएनजी सस्ती है। दिल्ली में सीएनजी पर कोई वैट नहीं है।पूरे देश में महंगी सीएनजी वाले राज्यों में उत्तराखंड शामिल है।
सीएनजी 51 हजार के पार
दून में इस साल अप्रैल शुरू में 32 हजार किलोग्राम प्रतिदिन सीएनजी की खपत हो रही थी। जो अब 51 हजार किलो प्रतिदिन को पार कर गई है। 16 पंप पर सीएनजी उपलब्ध हो रही है। चारधाम यात्रा व पर्यटन सीजन में अन्य प्रदेशों के पर्यटक सीएनजी बेस वाहनों के जरिए पर्यटक स्थलों का रुख कर रहे है। वीकेंड पर दिल्ली, राजस्थान , हरियाणा व यूपी के पर्यटक नेशनल ग्रीन हाइवे के खुलने से बड़ी संख्या में पहुंच रहे है।
सीएनजी के रेट विभिन्न शहरों में अलग-अलग है। सीएनजी सेक्टर में विभिन्न कम्पनियां कार्यरत है। प्रबंधकीय स्तर लागत व अन्य खर्चों को जोड़कर कम्पनियां अपने रेट तय करती है। गेल गैस लिमिटेड दून में सीएनजी की आपूर्ति कर रही है। – अंबुज गौतम, जीएम ,गेल गैस लिमिटेड









