
वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने मैदानी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने के संकेत दिए हैं, जिससे पार्टी के भीतर हलचल तेज हो गई है।
देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में अपने बयानों और रणनीतिक चालों से लगातार सुर्खियां बटोरने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत ने एक बार फिर ऐसा बयान दिया है, जिससे कांग्रेस के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने संकेत दिए हैं कि इस बार वह धर्मपुर व सहसपुर समेत किसी मैदानी विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे के मूड में हैं। उनके इस बयान के बाद उन नेताओं की धड़कनें बढ़ गई हैं, जो पहले से इन सीटों पर अपनी दावेदारी मजबूत मान रहे थे।
नेताओं की धड़कनें बढ़ी
लंबे समय से उत्तराखंड की राजनीति में सक्रिय हरक सिंह रावत राज्य गठन के बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ते रहे हैं। इस समय वह कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष का पदभार संभाल रहे हैं। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन ने वरिष्ठ नेताओं से उनकी पसंदीदा सीटों को लेकर राय लेना शुरू किया है।
गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हरक सिंह रावत ने मीडिया से बातचीत में कहा तो उन्होंने किसी सीट का स्पष्ट नाम नहीं लिया लेकिन वह हर जगह से चुनाव लड़ सकते हैं। वह ऐसी सीट से चुनाव लडऩा चाहते हैं जिसका असर आसपास की सीटों पर भी पड़े। इसी क्रम में उन्होंने सहसपुर व धर्मपुर सीट का नाम भी लिया।
उन्होंने यह भी कहा कि अगले एक-दो सप्ताह के भीतर वह तय कर लेंगे कि उन्हें किस विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरना है। उन्होंने कहा कि कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी हाईकमान ही करेगा, लेकिन वह अपनी इच्छा नेतृत्व के सामने जरूर रखेंगे। हरक के इस बयान के बाद पार्टी के भीतर और बाहर इसे लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।









