Big Breaking:-दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से धर्म सशक्त, अर्थ समृद्ध और शिखर पर होगा विकास

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे उत्तराखंड के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक ढांचे को नई गति देगा। यह 210 किमी लंबा एक्सप्रेसवे यात्रा समय घटाकर धार्मिक और साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देगा।

देहरादून। मार्गों से अक्सर विकास की कहानियां लिखी जाती हैं, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे भी ऐसी ही एक कहानी लिखने जा रहा है।

लगभग 210 किमी लंबा यह एक्सप्रेसवे न केवल दिल्ली से देहरादून की दूरी घटाकर यात्रा समय कम करेगा, बल्कि उत्तराखंड के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक ढांचे को भी नई गति देगा।

उत्तराखंड लंबे समय से तीर्थों तक कठिन पहुंच की चुनौती से जूझ रहा है। एक्सप्रेसवे से देहरादून, हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे धार्मिक केंद्रों तक पहुंच तेज, सुगम और सुरक्षित होगी, जिससे धार्मिक पर्यटन में वृद्धि होना तय है।

इसका सीधा लाभ स्थानीय अर्थव्यवस्था और विकास को मिलेगा। राज्य की अर्थव्यवस्था में पर्यटन एक प्रमुख स्तंभ है, जिसमें धार्मिक पर्यटन की हिस्सेदारी 60-70 प्रतिशत तक मानी जाती है।

ऐसे में बेहतर कनेक्टिविटी से होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, गाइड सेवा, स्थानीय बाजार और हस्तशिल्प से जुड़े क्षेत्रों में मांग बढ़ेगी, तो रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

एक्सप्रेसवे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेगा। उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा से लगे गांव, देहरादून के बाहरी इलाके और छोटे कस्बे अब राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सीधे जुड़ सकेंगे।

इससे शहरीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विकास और स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलेगा। हरिद्वार और ऋषिकेश में विकसित हो रहे गंगा कारिडोर को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।

बेहतर पहुंच से निवेश आकर्षित होगा और पर्यटन का विस्तार होगा। ऋषिकेश योग और वेलनेस टूरिज्म का वैश्विक केंद्र है, वहां विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने से आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा को भी नई गति मिलेगी।

एडवेंचर टूरिज्म को लगेंगे पंख

एडवेंचर टूरिज्म के लिहाज से टिहरी झील, मसूरी और चकराता जैसे गंतव्य अब अधिक सुलभ हो सकेंगे।

इससे पर्यटन का दायरा बढ़ेगा और भीड़ का दबाव संतुलित होगा। चारधाम यात्रा के लिए भी यह एक्सप्रेसवे महत्वपूर्ण साबित होगा, क्योंकि यात्रा समय घटने से श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ेगी और प्रशासन को भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी। इससे बारहमासी पर्यटन को भी बल मिलेगा।

कई औद्योगिक केंद्र सीधे जुड़ेंगे

आर्थिक दृष्टि से यह परियोजना एक इकोनामिक कारिडोर के रूप में उभर रही है। देहरादून का सीधा संपर्क दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर जैसे औद्योगिक केंद्रों से होगा।

जिससे निवेश, लाजिस्टिक्स, लघु उद्योग व वेयरहाउसिंग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, किसानों की उपज तेजी से बड़े बाजारों तक पहुंचने से उन्हें बेहतर मूल्य मिल सकेगा।

वीकेंड होम, होम स्टे और सेकेंड होम की मांग बढ़ेगी

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का रियल एस्टेट सेक्टर पर सीधा प्रभाव देखने को मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और एक्सप्रेसवे से जुड़े कस्बों में जमीन की मांग बढ़ेगी, जिससे प्रापर्टी की कीमतों में तेजी आएगी।

एक्सप्रेसवे के आसपास नई टाउनशिप, गेटेड सोसाइटी व हाउसिंग प्रोजेक्ट विकसित होने की संभावनाएं बढ़ेंगी।

साथ ही, दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए कम समय में पहुंच संभव होने से वीकेंड होम, होम स्टे और सेकेंड होम की मांग में इजाफा होगा। इससे निवेश के नए अवसर खुलेंगे।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें