Department

Big Breaking:-रुद्रपुर के होटल में दिल्ली की महिला की मौत: पार्टनर पर हत्या का केस, बिसरा जांच जारी

रुद्रपुर के रेडिसन होटल में दिल्ली निवासी युवती ज्योति शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसके पार्टनर अमित चौधरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

रुद्रपुर। होटल रेडिसन में दिल्ली निवासी युवती की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने उसके पार्टनर के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई है। ऐसे में पुलिस ने बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हनुमान मंदिर लोदी रोड नई दिल्ली निवासी ज्योति शर्मा अपने पार्टनर ग्राम जौनपुर फतेहपुर बेरी छतरपुर दिल्ली निवासी अमित चौधरी के साथ मंगलवार को नैनीताल रोड स्थित होटल रेडिसन में रूके हुए थे। बुधवार सुबह ज्योति कमरे में मृत मिली थी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

पोस्टमार्टम में मौत के कारणों की पुष्टि नहीं

साथ ही घटना की सूचना मृतका के स्वजन को दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ज्योति की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो पाई। जिसके बाद पुलिस ने बिसरा जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। साथ ही मृतका की बहन वंदना शर्मा की तहरीर पर अमित चौधरी पर हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है।

इसमें वंदना शर्मा का आरोप है कि अमित चौधरी पूर्व में भी उसकी बहन के साथ मारपीट कर चुका है। इस मामले में 11 मार्च को लोदी कालोनी नई दिल्ली में शिकायत की थी। अमित चौधरी ने उसकी बहन को होटल व्यवसाय में साझेदारी देने और विवाह करने का झूठा आश्वासन देकर उससे 38 लाख रुपये, दो सौ ग्राम सोने और डेढ़ किलो चांदी के जेवरात भी अपने पास रखे है। जब उसकी बहन ने धन वापसी या साझेदारी की मांग की तो वह टालमटोल करता रहा।

उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। संदेह जताया कि आरोपित अमित चौधरी ने होटल के कमरे के साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ की है। सच्चाई छिपाने के उद्देश्य से वीडियो बनाकर साक्ष्य को नष्ट करने का प्रयास किया गया है। वीडियो एवं घटनास्थल की स्थिति से प्रतीत होता है कि उसकी बहन ने स्वयं को बचाने का प्रयास किया था। उसकी बहन शराब का सेवन नहीं करती थी, जिससे यह घटना और भी अधिक संदिग्ध प्रतीत होती है। उन्होंने अमित चौधरी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि अमित चौधरी पर हत्या की प्राथमिकी पंजीकृत कर ली है। जांच की जा रही है, इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top