स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी मेडिकल कालेज निर्माण की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलनकारियों से मुलाकात की। सरकार ने टीएचडीसी की डीपीआर पर मेडिकल कालेज बनाने और जिला अस्पताल की क्षमता बढ़ाने पर सहमति जताई है।
देहरादून। टिहरी मेडिकल कालेज के निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के आठवें दिन स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने टिहरी मेडिकल कालेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने मेडिकल कालेज निर्माण से जुड़ी प्रक्रिया को गंभीरता से आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।
साथ ही टीएचडीसी की ओर से तैयार की गई डीपीआर पर संबंधित अधिकारियों के बीच शीघ्र समन्वय स्थापित कर जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। समिति के सदस्य 12 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री ने आंदोलनकारियों की मांगों और स्थानीय लोगों की भावनाओं को संवेदनशीलता से सुना।
उन्होंने कहा कि टिहरी मेडिकल कालेज निर्माण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में जरूरी कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।
बैठक में जिलाधिकारी टिहरी नितिका खंडेलवाल, अपर सचिव रोहित मीणा, चिकित्सा शिक्षा विभाग के निदेशक आशुतोष सयाना, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, संघर्ष समिति के संयोजक डा. राकेश भूषण गोदियाल और सीएमओ टिहरी डा. राम प्रकाश मौजूद रहे, जबकि विधायक किशोर उपाध्याय वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
200 बेड का होगा जिला अस्पताल
बैठक में जिला चिकित्सालय टिहरी की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए वर्तमान 100 बेड की क्षमता बढ़ाकर 200 बेड करने की मांग भी स्वीकार की गई।
इससे जिले के लोगों को बेहतर और विस्तारित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया जा सकेगा। वहीं, विभागीय सचिव विनय शंकर पांडेय ने आंदोलनकारियों से आमरण अनशन समाप्त करने की अपील की।



