नवरात्र के दौरान बागेश्वर के कपकोट तहसील स्थित बदियाकोट के मां भगवती मंदिर में आग लग गई, जिससे मुख्य मंदिर को भारी नुकसान पहुंचा है। लकड़ी से बने इस प्राचीन मंदिर में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है, लेकिन इस घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में गहरी चिंता है।
बागेश्वर। कपकोट तहसील के दूरस्थ बदियाकोट स्थित मां भगवती मंदिर में नवरात्र के बीच आग लगने से हड़कंप मच गया। आग से मुख्य मंदिर को भारी नुकसान पहुंचने की सूचना है। लकड़ी से बने मंदिर में आग तेजी से फैल गई। घटना से क्षेत्र के श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है।
लकड़ी पर आकर्षक नक्काशी से सुसज्जित यह मंदिर क्षेत्र की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रमुख प्रतीक था। नवरात्र में यहां पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचते हैं।
स्थानीय निवासी आन सिंह के अनुसार, मंदिर का ढांचा मुख्य रूप से लकड़ी का था, जिससे नुकसान अधिक होने की आशंका है।
मंदिर में बिजली की व्यवस्था और पूजा के लिए दीपक भी जलाया जाता था। ऐसे में शाट सर्किट या दीपक से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
बदियाकोट कपकोट से लगभग 50 किलोमीटर दूर हिमालयी क्षेत्र में स्थित है। ऐसे दुर्गम इलाके में अग्निशमन सेवाओं की उपलब्धता नहीं है। मंदिर को हुए नुकसान का आकलन और आग लगने के वास्तविक कारणों की जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। नवरात्र के बीच आस्था के इस केंद्र को पहुंचे नुकसान से क्षेत्रवासी व्यथित हैं।



