Department

Big Breaking:-केदारनाथ में पांच घंटे की बर्फबारी, कड़ाके की ठंड भी नहीं डिगा सकी भक्तों की आस्था

केदारनाथ सहित चारधाम में भारी बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद भक्तों की आस्था अडिग है।

गढ़वाल। वर्षा व बर्फबारी के चलते चारों धाम में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और तापमान भी शून्य से नीचे आ गया है, लेकिन भक्तों के उत्साह में कोई कमी नजर नहीं आ रही। बदरी-केदार और गंगा-यमुना का जयघोष करते वह तो बढ़े चले जा रहे अपनी मंजिल की ओर।

सोमवार को धामों में लगी भक्तों की लंबी-लंबी कतार बता रही थीं कि आस्था के आगे मौसम की दुश्वारियां भी कैसे बौनी पड़ जाती हैं। खासकर केदारनाथ धाम में तो भक्त दोपहर तक वर्षा और उसके बाद शाम पांच बजे तक बर्फ की फुहारों के बीच कांपते हाथों से छतरी संभाले दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते रहे। अन्य धामों में भी ऐसा ही दृश्य देखने को मिला।

कई दिनों से बिगड़ा हुआ है मौसम

पिछले तीन दिनों से उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है और बदरी-केदार समेत चारों धाम की ऊंची पहाड़ियों पर बर्फबारी हो रही है। केदारनाथ में तो सोमवार को तड़के तीन बजे से वर्षा व बर्फबारी होती रही और संपूर्ण केदारपुरी ने श्वेत आवरण ओढ़ लिया। इसके चलते तापमान भी शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया।

बावजूद इसके, श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। वह बर्फ की फुहारों के बीच हर-हर महादेव का जयघोष करते लंबी कतारों में अपने आराध्य के दर्शन को डटे रहे। इसके साथ ही प्रकृति के नजारों के साथ सेल्फी लेने को भी श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। बदरीनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री धाम में भी आस्था का ऐसा ही संगम दिखाई दे रहा है।

मई में बर्फ की फुहारों के बीच दर्शन का आनंद ही कुछ और

चारों धाम में जहां स्थानीय निवासियों के साथ व्यवसायी व श्रद्धालु जगह-जगह अलाव सेंक रहे थे, वहीं बर्फ से अठखेलियां करने लोभ भी संवरण नहीं कर पा रहे थे। केदारसभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि मई में बर्फ की फुहारों के बीच दर्शन का आनंद ही कुछ और है।

श्रद्धालुओं के लिए यह ऐसी अनुभूति है, जिसे वह जीवनभर संजोकर रखना चाहेंगे। कई श्रद्धालुओं का तो कहना है कि प्रकृति उन्हें विभिन्न रूपों में ईश्वर का ही साक्षात्कार करा रही है।

सोमवार को पहुंचे श्रद्धालु

  • यमुनोत्री-8,818
  • गंगोत्री-8,393
  • केदारनाथ-19,447
  • बदरीनाथ- 13,939 
Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top