Big Breaking:-नैनीताल में विशाल बोल्डर टूटने से दहशत, प्रशासन की अनदेखी पर कृष्णापुर में चक्का जाम

नैनीताल के कृष्णापुर में एक विशाल बोल्डर टूटने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। प्रशासन की ओर से मदद न मिलने पर आक्रोशित लोगों ने हल्द्वानी रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद एसडीएम ने बोल्डर हटाने और विस्थापितों की व्यवस्था का आश्वासन दिया।

नैनीताल। शहर के कृष्णापुर क्षेत्र में विशाल बोल्डर के टूटने के बाद संभावित खतरे को देखते हुए क्षेत्रवासियों ने पूरी रात दहशत में बिताई। दोपहर 12 बजे तक भी कोई प्रशासनिक अधिकारी के मौके पर नहीं पहुंचने पर आक्रोशित क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया।

लोगों ने हल्द्वानी रोड में चक्का जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि क्षेत्रवासियों की सभी मांगों को पूरा करने का आश्वाशन मिला तो लोग माने। इस दौरान करीब 15 मिनट तक सड़क में जाम लगा रहा।

खतरे की जद में रह रहे लोग

बता दें कि कृष्णापुर क्षेत्र में वर्षों से खतरा बना विशाल बोल्डर आधा टूट कर आबादी क्षेत्र के समीप तक पहुंच गया था। जिससे एक कार व दो दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। शेष बचे बोल्डर से आबादी क्षेत्र को खतरा बना हुआ है।

रात ही तहसीलदार व पुलिस ने पहुंच खतरे की जद में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर विस्थापित किया था। लोगों ने घरों को छोड़ पूरी रात क्षेत्र स्थित गुफा महादेव मंदिर की धर्मशाला में बिताई। बीती रात तहसीलदार ने आश्वासन दिया था कि विस्थापित किये गए लोगों के भोजन समेत अन्य व्यवस्था की जाएगी।

मंगलवार को सुबह दस बजे तक भी जब विस्थापित लोगों तक भोजन और पानी नहीं पहुंचा तो लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। जहां बोल्डर की रोकथाम को कोई कार्य होता नहीं दिखा। साथ ही प्रशासन से महज एक पटवारी को मौके पर देख लोग भड़क गए।

काफी देर इंतजार के बाद भी जब कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा तो लोगों ने मुख्य सड़क पर आकर चक्का जाम कर दिया। हालांकि धरना शुरू होते ही एसडीएम नवाजिश खलीक मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने बारी बारी लोगों की समस्या को सुना।

लोगों ने कहा कि वर्षों से मांग के बाद भी मार्ग के किनारे से विशाल बोल्डर को नहीं हटवाया जा सका। अब आवासीय क्षेत्र पर खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने तत्काल बोल्डर रोकथाम कार्य शुरू करने, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था करने, विस्थापन के साथ भोजन पानी की व्यवस्था करने की मांग की।

एसडीएम ने आश्वासन दिया कि तत्काल बोल्डर रोकथाम के कार्य शुरू किए जा रहे है। जिसके निर्देश सिंचाई विभाग अधिकारियों को दे दिए है। वैकल्पिक मार्ग के साथ ही विस्थापन की सभी व्यवस्था की जाएगी। एसडीएम के आश्वासन के बाद क्षेत्रवासियों ने सड़क छोड़ धरना खत्म किया। जिसके बाद एसडीएम ने क्षेत्र का मौका मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें