
पौड़ी गढ़वाल में गुलदार की बढ़ती सक्रियता के मद्देनजर वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। नागरिकों से घरों के आसपास सफाई रखने, शाम को पर्याप्त रोशनी बनाए रखने और बच्चों को अकेले न भेजने की अपील की गई है।
पौड़ी। जनपद में गुलदार की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए वन विभाग ने एडवाइजरी जारी की है। विभाग ने नागरिकों से दैनिक जीवन में आवश्यक सावधानियां अपनाए जाने के लिए संभावित जोखिम को कम किए जाने में सहयोग की अपील की है।
प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल महातिम यादव ने बताया कि घरों के आसपास झाड़ियों की नियमित साफ-सफाई अत्यंत आवश्यक है, जिससे जंगली जानवरों के छिपने की संभावना कम हो सके। इसके साथ ही शाम ढलने के बाद तथा रात्रि के समय घर और आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी गयी है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने तथा उनके स्कूल आने-जाने के दौरान किसी वयस्क व्यक्ति के साथ ही रहने की अपील की है। यदि कहीं गुलदार अथवा अन्य जंगली जानवर दिखाई दे तो घबराने के बजाय शांत रहें, शोर न करें और उसके पास जाने का प्रयास बिल्कुल न करें। साथ ही कूड़ा-कचरा खुले में न डालें, क्योंकि इससे जंगली जानवर आकर्षित हो सकते हैं।
डीएफओ यादव ने बताया कि जंगली जानवर से अचानक आमना-सामना होने की स्थिति में व्यक्ति को घबराने के बजाय संयम बनाए रखना चाहिए। ऐसी स्थिति में पीठ दिखाकर भागने के बजाय धीरे-धीरे पीछे हटें और जानवर को उकसाने से बचें।
उसकी आंखों में सीधे देखने से भी परहेज करें तथा सुरक्षित स्थान की ओर बढ़ें। कहा कि किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल वन विभाग व वन्यजीव हेल्पलाइन नंबर 1926 पर पर प्रदान की जाय।









