Big Breaking:-जिस आंगन से दुल्हन लाने निकली बारात, वहीं से कुछ घंटों बाद उठीं सात अर्थियां; मातम में बदलीं खुशियां

नेपाल के बैतड़ी जिले में एक बस दुर्घटना में एक ही परिवार के सात सदस्यों की मौत हो गई। बारात से लौटते समय हुए इस दर्दनाक हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

बजांग जिले के लगुणासा गांव में जिस आंगन से बारात निकली थी, वहीं से सात अर्थियां उठीं, जिससे पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। दुल्हन के भाई सहित कई लोगों ने जान गंवाई।

झूलाघाट । पिथौरागढ़ जिले की सीमा से लगे नेपाल के बैतड़ी जिले में हुई दर्दनाक बस दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। बैतड़ी जिले के पुरचूणी नगरपालिका अंतर्गत सात बड़गांव मोड़ पर बारात की बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

इस हादसे में बजांग जिले के बित्थड़चीर-सात स्थित लगुणासा गांव के एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। जिस आंगन से दुल्हन लाने बारात निकली थी, उसी आंगन से कुछ ही घंटों बाद सात अर्थियां उठीं।

हादसे की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। हर घर में मातम पसरा है और लोगों की आंखें नम हैं। बारात लौटने पर जहां उत्सव और खुशियों का माहौल होना था, वहां अब चीख-पुकार और विलाप सुनाई दे रहा है। दुर्घटना में नरेंद्र राज जोशी, विष्णु दत्त जोशी, बसंत राज जोशी, केशव राज जोशी, अशोक राज जोशी, किशन दत्त जोशी और बिशन दत्त जोशी की जान चली गई।

नरेंद्र राज जोशी बित्थड़चीर-सात के वार्ड सदस्य थे, जबकि उनके भाई विष्णु दत्त जोशी स्थानीय महादेव माध्यमिक विद्यालय में अंग्रेजी के अध्यापक के पद पर कार्यरत थे। मृतकों में बसंत राज जोशी उनका भतीजा था। केशव राज जोशी और अशोक राज जोशी पिता-पुत्र थे, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।

किशन दत्त जोशी और बिशन दत्त जोशी ने डडेलधुरा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। इसी बस में दुल्हन को उसके ससुराल छोड़ने जा रहा उसका छोटा भाई सुशील जोशी भी इस हादसे का शिकार हो गया।

एक ही परिवार पर टूटे इस भीषण दुख से न केवल लगुणासा गांव बल्कि पूरा क्षेत्र सदमे में है। लोग इस हृदयविदारक घटना को याद कर सिहर उठते हैं और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

Ad Ad

सम्बंधित खबरें