हादसे में परखच्चे उड़ने वाली कार में 8 लोगों के बैठने की क्षमता थी जबकि कार में 12 लोग बैठाए गए थे। परिवहन विभाग की टीम की जांच में यह खुलासा हुआ है।
उत्तराखंड के कोटद्वार रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के पास हुए सड़क हादसे में बड़ा लापरवाही सामने आई है। हादसे की प्रमुख वजह ओवरलोडिंग बताई जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से सड़क किनारे लगने वाले क्रैश बैरियर तक नहीं थे। हादसे में परखच्चे उड़ने वाली कार में 8 लोगों के बैठने की क्षमता थी जबकि कार में 12 लोग बैठाए गए थे। परिवहन विभाग की टीम की जांच में यह खुलासा हुआ है।
शनिवार को कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लॉक में हुए सड़क हादसे में आठ लोगों की जान चली गई। इस हादसे के कारणों की जांच के लिए शासन ने निर्देश जारी किए। घटना के बाद परिवहन विभाग की टीम घटनास्थल पहुंची। टीम ने घटनास्थल के आसपास और घायल लोगों से इस संबंध में जानकारी हासिल की। टीम की जांच में सामने आया है कि घटनास्थल के समीप सड़क किनारे क्रैश बैरियर नहीं थे। इस मार्ग में टर्न और चढ़ाई भी एक साथ थी। यह सिंगल रोड थी और सड़क भी अधिक चौड़ी भी नहीं थी। इसके अलावा कार में सवारियां भी अधिक बैठाने का खुलासा हुआ है जो हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। आरटीओ पौड़ी विमल पांडे ने बताया कि जांच में यह पैरवी की जाएगी कि सड़क कच्ची होने पर भी क्रैश बैरियर अवश्य लगाए जाएं। उन्होंने कहा कि जांच टीम अभी और स्टडी कर रही है।
गांव में पसरा सन्नाटा
इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। इको वाहन के गहरी खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत की खबर भंगलवान गांव पहुंचते ही मातम पसर गया। एक साथ आठ लोगों की मौत से गांव में सन्नाटा छा गया। गांव के कई घरों में शनिवार को चूल्हे तक नहीं जले। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ चीख-पुकार मची हुई है। हादसे में जान गंवाने वालों में सात महिलाएं और एक वाहन चालक शामिल है। सभी मृतक भंगलवान के निवासी थे। घर से तीन किमी पहले गांव के आठ लोगों की मौत से ग्रामीण सदमे में हैं। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल और रिखणीखाल पहुंचने लगे।
हादसे के बाद भंगलवान गांव में लोगों ने घरों में चुल्हे तक नहीं जलाए। गांव में हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध है। हादसे में घायल चार लोगों को रेस्क्यू कर प्राथमिक उपचार के लिए रिखणीखाल पहुंचाया गया है। वहीं, मृतकों के शव खाई से बाहर निकाल लिए गए हैं। एक साथ कई परिवारों में मातम छाने से पूरे क्षेत्र का माहौल गमगीन है।
लैंसडौन विधायक दिलीप रावत ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने घटना को दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गांव में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। हादसे के बाद से गांव में शोक जताने वालों का तांता लगा हुआ है। आसपास के गांवों के लोग भी भंगलवान पहुंचकर पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और गांव के सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहती थीं। एक साथ कई परिचित चेहरों के चले जाने से हर कोई गमगीन है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी हुईं रवाना
पौड़ी। रिखणीखाल क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे का जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने तत्काल संज्ञान लिया। डीएम ने प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। टीमों के साथ डीएम मौके के लिए रवाना हो गईं।



