
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर तल्ख टिप्पणी के बाद हरक सिंह रावत उनसे मुलाकात कर मनाने की कोशिश करेंगे। हरक ने हरीश रावत को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताया।
देहरादून। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अर्जित अवकाश पर तल्ख टिप्पणी करने वाले प्रदेश कांग्रेस की चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा हरक सिंह रावत के सुर नरम पड़े हैं। अब वह हरदा को मनाने के लिए मंगलवार को उनसे मुलाकात करेंगे।
डा रावत ने बातचीत में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और हमेशा उनका मार्गदर्शन मिलता रहा है।
कई बार विभिन्न मुद्दों पर सहमति नहीं होती है, लेकिन उन्होंने हमेशा ही हरदा का सम्मान किया है।
उन्होंने कहा कि हरदा बड़े भाई हैं और मंगलवार को उनसे देहरादून में भेंट करेंगे।
उत्तराखंडियत की राह पर हरदा
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अब फिर से उत्तराखंडियत की राह पकड़ेंगे। रविवार को अपने अर्जित अवकाश के 10वें दिन हरदा ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर अपनी पोस्ट में कहा कि इस अवकाश ने उन्हें यह अवसर दिया है कि वह अपनी पुस्तक उत्तराखंडियत पार्ट-दो को फिनिशिंग टच दे सकें।
हरदा ने कहा कि उन्होंने भाजपा के नैरेटिव की काट के लिए समावेशी उदार संस्कृति व अवलंबित राज्यवाद को उत्तराखंडियत कहा और इसे समग्र सोच के रूप में आगे बढ़ाया।
वह यह कहने से भी नहीं चूके कि राज्य के ज्वलंत सवालों पर दृष्टिकोण व्यक्त करने के बावजूद उन्हें संरक्षण देने के बजाय कई दोस्तों ने व्यग्र होकर उनकी गर्दन तराशने को नस्तर चलाना शुरू कर दिया।
उन्होंने समालोचकों से आग्रह किया है कि उत्तराखंडियत और कांग्रेस को अभी भी हरीश रावत की आवश्यकता है या नहीं, इस पर भी कुछ मार्गदर्शन दें।









