
बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन से निपटने के लिए देहरादून को ‘हीट रेजिलिएंट सिटी’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
देहरादून। लगातार बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौती से निपटने के लिए अब देहरादून को विशेष माडल शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।
भारत सरकार ने देश के 12 चयनित शहरों में देहरादून को भी ‘हीट-रेजिलिएंट माडल सिटी’ परियोजना के लिए चुना है। इस योजना के तहत शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, जल संरक्षण और गर्मी से राहत देने वाले सार्वजनिक ढांचे विकसित करने पर काम होगा।
एमओयू प्रक्रिया शुरू
नगर निगम देहरादून और नेशनल इंस्टीट्यूट आफ अर्बन अफेयर्स (एनआईयूए) के बीच इस संबंध में एमओयू प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। योजना का उद्देश्य शहर को बढ़ती गर्मी व जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति अधिक सक्षम बनाना है।
नगर निगम के अनुसार शहर के प्रमुख पार्कों, सड़क किनारे क्षेत्रों और सार्वजनिक परिसरों में हीट-रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा। इसके तहत छायादार स्थान, हरित पट्टियां और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। साथ ही बड़े स्तर पर पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि शहरी तापमान को नियंत्रित किया जा सके।
गर्मी और प्रदूषण दोनों से राहत की तैयारी
नगर निगम अधिकारियों का मानना है कि तेजी से बढ़ते कंक्रीट निर्माण और घटते हरित क्षेत्र के कारण शहर में तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यह परियोजना भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है। इससे न केवल गर्मी के प्रभाव को कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण में भी फायदा होगा।
क्या है हीट रेजिलिएंट सिटी?
हीट रेजिलिएंट सिटी का अर्थ ऐसे शहरों से है, जो भीषण गर्मी और लू के प्रभावों को कम करने, सहन करने और उनसे तेजी से उबरने में सक्षम हैं। यह शहरी नियोजन के माध्यम से कंक्रीट के तापमान को कम करने, हरित क्षेत्रों को बढ़ाने और लोगों के स्वास्थ्य की रक्षा करने पर केंद्रित है।
योजना शहर को स्वच्छ, हरित व सतत विकास वाले माडल शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है। इसके तहत ऐसे सार्वजनिक स्थलों को विकसित करने पर फोकस रहेगा, जहां लोग अत्यधिक गर्मी के दौरान राहत महसूस कर सकें। जल संरक्षण व सतत शहरी विकास को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीकों व नवाचार आधारित व्यवस्थाओं को भी शामिल किया जाएगा। – नमामी बंसल, नगर आयुक्त









