Department

Big Breaking:-वीकेंड पर मसूरी और नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़, यातायात जाम से बढ़ी परेशानी

वीकेंड पर मसूरी, नैनीताल समेत उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे होटल पैक हो गए और सड़कों पर लंबा जाम लग गया।

देहरादून। वीकेंड पर मसूरी व नैनीताल समेत अन्य पर्यटन स्थलों में पर्यटक बड़ी संख्या में पहुंचे हैं। मसूरी में शुक्रवार रात तक ही होटल 90 प्रतिशत पैक हो चुके थे। शनिवार सुबह से ही मसूरी, कैंम्पटी फाल व भट्टा फाल पर्यटकों से गुलजार हैं।

देहरादून-मसूरी और टिहरी-मसूरी मार्ग पर सुबह करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। नैनीताल आठ हजार से अधिक पर्यटक पहुंचने का अनुमान है। पार्किंग फुल होने के बाद पुलिस को विशेष यातायात प्लान लागू करना पड़ा।

नैनीताल में होटल 80 प्रतिशत पैक हैं। धनौल्टी, चकराता, लैंसडौन, मुक्तेश्वर, जागेश्वर, बिनसर में पर्यटकों के पहुंचने से चहल-पहल है। ऋषिकेश में भी बड़ी संख्या में पर्यटक व तीर्थयात्री उमड़े है। इसके कारण ऋषिकेश में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही।

शनिवार को दून की सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। मसूरी-धनोल्टी में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, चारधाम यात्री और अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे व देहरादून-पांवटा(हिमाचल) फोरलेन के कारण बढ़े ट्रैफिक दबाव ने दून शहर से लेकर हाईवे तक हालात बिगाड़ दिए।

पर्यटकों को दून से 35 किमी दूर मसूरी पहुंचने में ढाई से तीन घंटे लग गए। मसूरी से कैंम्पटी फाल और धनोल्टी रोड पर भी हालात बिगड़े रहे। मसूरी शहर के अंदर भी जाम की स्थिति बनी रही।

मसूरी के होटलों में शनिवार को शत-प्रतिशत बुकिंग रही। मसूरी में जाम से निपटने के लिए घोषित शटल सेवा भी धरातल पर नहीं नजर आई। धनोल्टी, काणाताल और कैम्पटी में भी होटल पैक रहे।

उत्तर प्रदेश, दिल्ली, एनसीआर, पंजाब और हरियाणा से सबसे ज्यादा पर्यटक पहुंचे। इसके चलते सुबह से ही दून-मसूरी मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया और किंक्रेग के पास लंबा जाम लग गया। दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हालांकि जाम से राहत रही।

देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल के अनुसार वीकेंड पर दून व मसूरी में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है और जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जा रहा है। साथ ही मसूरी जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजने की योजना पर काम किया जा रहा है।

नैनीताल में शनिवार को दिनभर पर्यटकों को पहुंचने का क्रम जारी रहा। शाम होते ही पार्किंग स्थल फुल हो गया। पुलिस को विशेष यातायात प्लान लागू करना पड़ा। इसके अंतर्गत रूसी बाइपास से शटल सेवा से पर्यटकों को नैनीताल भेजा गया।

अल्मोड़ा में जागेश्वर और बिनसर में भी पर्यटकों की भीड़ रही। अल्मोड़ा होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा ने बताया कि मई दूसरे पखवाड़े से पर्यटकों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। बागेश्वर के कौसानी, बैजनाथ धाम और बागनाथ नगरी भी पर्यटकों से गुलजार है।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top