
देहरादून में जिला प्रशासन ने सुद्धोवाला-मांडूवाला मार्ग पर एक अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र का भंडाफोड़ किया। टीम ने मौके से छह गैस सिलिंडर और रिफिलिंग उपकरण बरामद किए।
देहरादून। एलपीजी सिलिंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रेमनगर क्षेत्र के सुद्धोवाला-मांडूवाला मार्ग पर चल रहे अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र का भंडाफोड़ किया।
मौके से छह गैस सिलिंडर, इलेक्ट्रानिक कांटा, हैंगिंग वेटिंग मशीन व रिफिलिंग उपकरण बरामद किए गए। आरोपित के खिलाफ प्रेमनगर थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दी गई है।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर गठित क्विक रिस्पान्स टीम (क्यूआरटी) को गोपनीय सूचना मिली थी कि सुद्धोवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर आनंदी हाउस के पास एक मकान में घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडरों से अवैध रूप से गैस रिफिलिंग की जा रही है।
सूचना पर टीम ने पुलिस के साथ मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान शिवम कुमार को मौके पर गैस ट्रांसफर करते हुए पकड़ा गया।
जांच में मौके से 19 किलोग्राम के दो सिलिंडर, 14 किलोग्राम के चार सिलिंडर, एक इलेक्ट्रानिक कांटा, एक हैंगिंग वेटिंग मशीन व एक बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) बरामद किए गए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह गतिविधि एलपीजी (रेगुलेशन आफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) आर्डर व आवश्यक वस्तु अधिनियम का सीधा उल्लंघन है।
गैस कालाबाजारी पर जारी रहेगी कार्रवाई: डीएम
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और घरेलू सिलिंडरों के दुरुपयोग पर किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं, क्योंकि अवैध रिफिलिंग से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
कंट्रोल रूम पर नौ शिकायतें
जिला प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबरों पर शनिवार को एलपीजी आपूर्ति से संबंधित नौ शिकायतें दर्ज हुई। जिला खाद्य पूर्ति विभाग की निगरानी में शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, प्रशासन के अनुसार शनिवार को जिले में 13,913 घरेलू उपभोक्ताओं व 1,005 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर उपलब्ध कराए गए। फिलहाल जिले में 25,861 घरेलू और 4,313 व्यावसायिक सिलिंडरों का स्टाक उपलब्ध है।









