
रुद्रपुर और तराई क्षेत्र के यात्रियों के लिए बुरी खबर है। जम्मूतवी मंडल में चल रहे इंजीनियरिंग कार्यों के कारण कई ट्रेनें जून 2026 तक रद्द कर दी गई हैं। इनमें काठगोदाम-जम्मूतवी और कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।
गाजीपुर सिटी से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली ट्रेनें भी प्रभावित हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेनों की स्थिति जांचने की अपील की है। यह सुरक्षा कारणों से आवश्यक है।
रुद्रपुर। जम्मूतवी मंडल में चल रहे इंजीनियरिंग कार्य के चलते कई ट्रेनों का निरस्तीकरण एक बार फिर बढ़ा दिया गया है, जिसका सीधा असर रुद्रपुर समेत तराई क्षेत्र के यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन ने ब्रिज संख्या 17, 163, 137 एवं 232 पर किए जा रहे कार्य को देखते हुए यह निर्णय लिया है। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के जनसम्पर्क विभाग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी।
रेलवे के अनुसार काठगोदाम से जम्मूतवी जाने वाली 12207 काठगोदाम–जम्मूतवी एक्सप्रेस अब 2 जून 2026 तक निरस्त रहेगी, जबकि जम्मूतवी से काठगोदाम आने वाली 12208 जम्मूतवी–काठगोदाम एक्सप्रेस 31 मई 2026 तक नहीं चलेगी।
इसी तरह कानपुर सेंट्रल से काठगोदाम जाने वाली 12209 कानपुर सेंट्रल–काठगोदाम एक्सप्रेस 2 जून 2026 तक तथा काठगोदाम से कानपुर सेंट्रल चलने वाली 12210 काठगोदाम–कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस 1 जून 2026 तक निरस्त रहेगी। ये सभी ट्रेनें अपने मार्ग में रुद्रपुर स्टेशन पर ठहराव के कारण यहां के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती हैं।
इसके अलावा गाजीपुर सिटी से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जाने वाली 14611 एक्सप्रेस 29 मई 2026 तक और श्री माता वैष्णो देवी कटरा से गाजीपुर सिटी आने वाली 14612 एक्सप्रेस 28 मई 2026 तक रद्द रहेगी, जिससे रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों से जम्मू-कश्मीर की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी परेशानी होगी।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि जम्मूतवी मंडल में पुलों पर चल रहा इंजीनियरिंग कार्य यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है, लेकिन निरस्तीकरण अवधि बढ़ने से रुद्रपुर सहित पूरे तराई क्षेत्र के यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।









