Department

Big Breaking:-हत्या में साजिश के आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की तैयारी, मां ने ही दी थी सुपारी

गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया था कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत कराई गई वारदात है।

गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई की तैयारी में है। वारदात की साजिश रचने वाले आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर दो हमलावरों ने गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

गैस कारोबारी अर्जुन शर्मा हत्याकांड की जांच के दौरान सामने आया था कि यह एक सोची-समझी साजिश के तहत कराई गई वारदात है। अर्जुन शर्मा की मां बीना शर्मा, उनके साथी विनोद उनियाल और डॉ. अजय खन्ना पर हत्या करवाने का आरोप लगा है।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हत्या की साजिश में शामिल आरोपियों के खिलाफ पहले से दर्ज मामलों और साक्ष्यों के आधार पर अब गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

इसके लिए पुलिस आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। पुलिस के अनुसार, वारदात की साजिश करीब 25 दिन पहले से रची जा रही थी। मां बीना शर्मा और उसके साथी विनोद उनियाल तथा डॉ. अजय खन्ना ने मिलकर जनवरी में ही अर्जुन की हत्या की योजना तैयार कर ली थी। इसके बाद भाड़े के शूटरों की तलाश शुरू हुई जो विनोद उनियाल के ड्राइवर पंकज पर आकर रुकी।

जांच में पता चला कि पंकज ने 12 लाख रुपये में सुपारी ली और इस वारदात को अंजाम देने के लिए अपने भाई राजीव उर्फ राजू को भी साथ ले लिया। राजीव ने 1997 में अपने सौतेले बाप की हत्या की थी। इस मामले में वह जेल भी जा चुका था। चार-पांच साल जेल में रहने के बाद बाहर आ गया था।

पुलिस जांच में पता चला है कि अर्जुन की मां बीना ने उसकी रेकी की थी। उसने अमरदीप गैस एजेंसी के मैनेजर से अर्जुन की दिनचर्या, उसके आने-जाने के समय और ठिकानों की जानकारी जुटाई थी।

कई दिनों तक चली तैयारी पुख्ता करने के बाद हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया है कि घटना से पूर्व और घटना के बाद आरोपी पंकज राणा ने विनोद उनियाल से व्हट्सअप के माध्यम से संपर्क किया था।

Ad Ad
"उत्तराखण्ड आई" उत्तराखण्ड तथा देश-विदेश की ताज़ा ख़बरों व समाचारों का एक डिजिटल माध्यम है। अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को हम तक पहुंचानें हेतु संपर्क करें। धन्यवाद! Email: [email protected]

GET IN TOUCH

संपादक: शाहबाज हुसैन
पता: किशनपुर, देहरादून, उत्तराखण्ड
दूरभाष: +91 70171 42309
ई-मेल: [email protected]

To Top