काशीपुर में 18 वर्षीय कांति झा हत्याकांड में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मॉडलिंग का सपना दिखाने वाले जानी समेत तीन लोग हिरासत में हैं, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
काशीपुर। श्यामपुर डिफेंस कालोनी निवासी 18 वर्षीय कांति झा की हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत की है। स्वजन की ओर से तहरीर नहीं मिलने पर काशीपुर कोतवाली पुलिस ने अपने स्तर से ही अभियोग पंजीकृत करते हुए जांच शुरू कर दी है।
काशीपुर नगर से छह किमी दूर काशीपुर-रामनगर राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे गुरुवार सुबह कांति की खून से लथपथ लाश मिली थी। अंदेशा है कि उसे मारने के बाद शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया।
कांति को रम्पुरा निवासी जानी नाम का युवक माडलिंग में करिअर बनाने का सपना दिखा रहा था। मां बिंदुल का आरोप है कि पिछले छह माह से वह कांति को परेशान कर रहा था। उसके अक्सर घर से बाहर रहने और माडलिंग को लेकर घर में अक्सर विवाद होगा था। स्वजन जानी पर हत्या का शक जता रहे हैं। पुलिस ने जानी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
सिर और चेहरे पर थे घाव
कांति के सिर में गोली लगने का घाव है। चेहरे पर भी चोट के निशान थे। ऐसे में पुलिस ने शव को पैनल पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी राजकीय मेडिकल कालेज भेजा है। शुक्रवार 21 अगस्त को होने वाले पैनल पोस्टमार्टम के बाद आने वाले रिपोर्ट से मौत का वास्तविक कारण पता चलेगा।
तीन नंबरों से नियमित बात करती थी कांति
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कांति तीन नंबरों पर अक्सर बात करती थी। पुलिस ने तीनों मोबाइल नंबर वाले युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ाएगी।