हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी कार्यालय में हंगामा किया और धरना दिया।
हल्द्वानी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा रास्ते में रोके जाने के आरोप ने मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम से पहले माहौल गरमा दिया। लगभग 11:30 बजे कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एसएसपी और पुलिस के विरुद्ध नारे लगाते हुए कोतवाली स्थित बहुउद्देशीय भवन पहुंच गए। देखते ही देखते एसएसपी कार्यालय में हंगामा शुरू हो गया।
तेरी तानाशाही नहीं चलेगी’ के नारे लगाते हुए कांग्रेसी एसएसपी दफ्तर की ओर बढ़े। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस बीच प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एसएसपी के दफ्तर का दरवाजा खोला तो एक सिपाही ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।
दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति
गोदियाल नहीं रुके। उनके पीछे अन्य नेता और कार्यकर्ता भी कार्यालय में दाखिल हो गए। एसएसपी कार्यालय में नहीं मिले तो कांग्रेस नेताओं का गुस्सा और बढ़ गया। कार्यकर्ता वहीं पुलिस के विरुद्ध नारे लगाते हुए धरने पर बैठ गए। पुलिसकर्मी आसपास खड़े रहे। दोनों पक्षों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस बीच नेता एसएसपी पर गंभीर आरोप लगाते हुए।
इस बीच नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि बाजपुर, रुद्रपुर, गौलापार, चोरगलिया, खटीमा और पहाड़ से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों के वाहनों को रास्ते में रोका जा रहा है। बसों और छोटे वाहनों को रोककर पूछताछ की जा रही है और लोगों को हल्द्वानी आने नहीं दिया जा रहा।
पुलिस कांग्रेस के कार्यक्रम में भीड़ कम करने के लिए ऐसा कर रही है। उन्होंने एसएसपी पर भाजपा सरकार के एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों को चिह्नित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी पुलिस पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को अपनी वर्दी की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। उन्होंने एसएसपी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इधर, धरना स्थल बने एसएसपी दफ्तर में जमकर नारेबाजी जारी रही।
गाड़ियों को नहीं रोकने के आश्वासन के बाद माने
मामला बढ़ता देख एसपी क्राइम डा. जगदीश चंद्र ने वायरलेस से सभी चेकपोस्टों को निर्देश दिए कि वाहनों को अनावश्यक रूप से न रोका जाए और चेकिंग न की जाए। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने धरना समाप्त किया और माहौल शांत हुआ। इस दौरान पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, विधायक हरीश धामी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।